दिल्ली की बेटियों को मिलेंगे ₹61 हजार, लखपति बिटिया योजना में आधार अनिवार्य!

दिल्ली सरकार की लखपति बिटिया योजना के तहत पात्र बेटियों को 61 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए आधार अनिवार्य कर दिया गया है। जानिए पात्रता, किस्तों और आवेदन की पूरी जानकारी।

Nov 26, 2026 - 11:40
0
दिल्ली की बेटियों को मिलेंगे ₹61 हजार, लखपति बिटिया योजना में आधार अनिवार्य!

दि राइजिंग न्यूज़ | नई दिल्ली | 26 नवंबर 2026

दिल्ली सरकार ने बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने और उनकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लखपति बिटिया योजना में आधार नंबर अनिवार्य कर दिया है। अब इस योजना का लाभ लेने के लिए बच्ची का आधार नंबर देना जरूरी होगा। सरकार का उद्देश्य योजना के तहत आर्थिक सहायता पाने वाली बच्चियों की पहचान सुनिश्चित करना और लाभ सही पात्र परिवारों तक पहुंचाना है। उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इस योजना के तहत पात्र बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक अलग-अलग चरणों में कुल 61 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है।

कब और कितने रुपये मिलेंगे

लखपति बिटिया योजना के तहत पूरी राशि एक साथ नहीं दी जाती, बल्कि बेटी की पढ़ाई और शैक्षणिक उपलब्धियों के अलग-अलग पड़ाव पर आर्थिक सहायता मिलती है। बच्ची के जन्म के एक साल के भीतर 11 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके बाद पहली, छठी, नौवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा में प्रवेश के समय 5-5 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। इसके अलावा व्यावसायिक डिप्लोमा और स्नातक की पढ़ाई के दौरान भी सरकार आर्थिक मदद देती है। एक साल के व्यावसायिक डिप्लोमा के लिए 10 हजार रुपये, जबकि दो और तीन साल के डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में निर्धारित किस्तों के अनुसार सहायता दी जाती है।

योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी शर्तें

इस योजना का लाभ लेने के लिए बेटी का जन्म दिल्ली में होना अनिवार्य है। परिवार कम से कम तीन साल से दिल्ली में रह रहा हो और उसकी सालाना आय 1.20 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां ही इस योजना का लाभ उठा सकती हैं। इसके अलावा बच्ची का समय पर टीकाकरण होना चाहिए और वह किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में पढ़ाई कर रही हो। योजना का लाभ जारी रखने के लिए बेटी की शादी 18 वर्ष की उम्र से पहले नहीं होनी चाहिए।

कहां और कब तक कर सकते हैं आवेदन

लखपति बिटिया योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके अलावा इच्छुक परिवार नजदीकी जन सेवा केंद्र पर जाकर भी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। बच्ची के जन्म के एक साल के भीतर आवेदन करना जरूरी है। वहीं, पढ़ाई के निर्धारित पड़ाव पर प्रवेश लेने के 90 दिनों के अंदर भी आवेदन किया जा सकता है। ऐसे में दिल्ली के पात्र परिवारों को आवेदन की समयसीमा और जरूरी दस्तावेजों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User