अगहन मास के तीज-त्योहार:श्रीकृष्ण का स्वरूप है मार्गशीर्ष मास, इस महीने में मोक्षदा एकादशी पर मनाई जाती है गीता जयंती
हिंदी पंचांग का नौवां महीना मार्गशीर्ष यानी अगहन 25 नवंबर से शुरू हो गया है। यह महीना 23 दिसंबर तक रहेगा, हालांकि 24 दिसंबर की सुबह भी कुछ देर के लिए अगहन पूर्णिमा रहेगी, लेकिन इसके बाद पौष मास के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा शुरू हो जाएगी। इस महीने में संकष्टी चतुर्थी, कालभैरव जयंती, उत्पन्ना एकादशी, मासिक शिवरात्रि, मार्गशीर्ष अमावस्या, विनायकी चतुर्थी, विवाह पंचमी, मोक्षदा एकादशी और गीता जयंती जैसे खास तीज-त्योहार पड़ते हैं। मार्गशीर्ष का नाम मृगशिरा नक्षत्र के आधार पर पड़ा है। भगवद्गीता के दसवें अध्याय के 35वें श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं- 'मासानां मार्गशीर्षोऽहम्', अर्थात महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं। इस महीने में खासतौर पर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति करने की परंपरा है। पौराणिक मान्यता है कि वृंदावन की गोपियों ने भगवान श्रीकृष्ण को पति रूप में पाने की कामना से मार्गशीर्ष महीने में ही मां कात्यायनी की पूजा की थी। गोपियों ने यमुना में स्नान कर देवी की पूजा की और श्रीकृष्ण को प्राप्त करने की प्रार्थना की। मार्गशीर्ष मास में करनी चाहिए शंख की पूजा उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक, इस महीने भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा के साथ शंख पूजन की भी परंपरा है। साधारण शंख को भगवान श्रीकृष्ण के प्रिय पंचजन्य शंख का स्वरूप मानकर उसकी पूजा कर सकते हैं। पूजा में शंख को स्वच्छ जल से धोकर मंदिर में स्थापित किया जाता है। उस पर चंदन, चावल और हार-फूल अर्पित किए जाते हैं। भगवान विष्णु के मंत्रों का जप करते हुए शंख की पूजा की जाती है। माना जाता है कि शंख पूजन से घर में सुख-शांति और सकारात्मकता आती है। अब जानिए इस महीने में कौन-कौन से तीज-त्योहार पड़ते हैं… 27 नवंबर: संकष्टी गणेश चतुर्थी मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की चतुर्थी पर संकष्टी गणेश चतुर्थी का व्रत किया जाता है। इस तिथि पर भगवान गणेश की पूजा करने और चंद्रमा को अर्घ्य देने की परंपरा है। भगवान गणेश को दूर्वा, लाल फूल, मोदक और लड्डू अर्पित करें। गणेश मंत्र का जप करें। शाम को चंद्रोदय के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत खोलें। 1 दिसंबर: कालभैरव जयंती और कालाष्टमी मार्गशीर्ष कृष्ण अष्टमी पर कालभैरव जयंती मनाई जाती है। भगवान कालभैरव को भगवान शिव का रौद्र स्वरूप माना जाता है। इन्हें काशी का कोतवाल भी कहा जाता है। इस दिन भगवान शिव और कालभैरव की पूजा करते हैं। कालभैरव अष्टक का पाठ करें। मंदिर में दीपक जलाएं और जरूरतमंदों को भोजन कराएं। कुत्ते को भी भोजन कराने की परंपरा है। 4 दिसंबर: उत्पन्ना एकादशी मार्गशीर्ष कृष्ण पक्ष की एकादशी को उत्पन्ना एकादशी कहते हैं। इस एकादशी पर भगवान विष्णु की विशेष पूजा की जाती है। सुबह स्नान करके भगवान विष्णु की पूजा करें। तुलसी दल, फल, फूल और पंचामृत अर्पित करें। विष्णु सहस्रनाम या भगवद्गीता का पाठ करें। अन्न और वस्त्र दान करें। व्रत का पारण अगले दिन द्वादशी तिथि पर किया जाता है। 6 दिसंबर: रवि प्रदोष व्रत रविवार को त्रयोदशी तिथि होने से रवि प्रदोष व्रत रहेगा। यह व्रत भगवान शिव की आराधना के लिए किया जाता है। शाम को प्रदोष काल में शिवलिंग पर जल, दूध और बिल्व पत्र चढ़ाएं। भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करें। शिव चालीसा और महामृत्युंजय मंत्र का पाठ करें। 7 दिसंबर: मासिक शिवरात्रि मार्गशीर्ष कृष्ण चतुर्दशी पर मासिक शिवरात्रि का व्रत रखा जाएगा। यह भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा का विशेष दिन है। सुबह व्रत का संकल्प लें। शिवलिंग पर जल, दूध, दही, शहद और घी से अभिषेक करें। बिल्व पत्र, धतूरा और फूल चढ़ाएं। रात में शिव मंत्र का जप और शिवरात्रि की कथा सुनें। 8 दिसंबर: मार्गशीर्ष अमावस्या मार्गशीर्ष अमावस्या पर स्नान, दान और पितरों के निमित्त तर्पण करने का विशेष महत्व है। सुबह पवित्र नदी या घर में स्नान के बाद अन्न, वस्त्र और धन का दान करें। दोपहर में करीब 12 बजे पितरों के लिए तर्पण और श्राद्ध कर्म करें। सुबह-शाम भगवान विष्णु और शिव की पूजा करें। 13 दिसंबर: विनायकी चतुर्थी मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को विनायकी चतुर्थी व्रत है। इस दिन भगवान गणेश की विशेष पूजा करें। उन्हें दूर्वा, मोदक, लाल फूल और सिंदूर अर्पित करें। गणेश अथर्वशीर्ष या गणेश चालीसा का पाठ करें। पूरे दिन निराहार रहकर व्रत करें। 14 दिसंबर: विवाह पंचमी मार्गशीर्ष शुक्ल पंचमी पर विवाह पंचमी मनाई जाएगी। मान्यता है कि इसी तिथि पर भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह हुआ था। इस दिन भगवान श्रीराम और माता सीता की पूजा करें। श्रीरामचरितमानस के बालकांड के राम-सीता विवाह प्रसंग का पाठ करें। 16 दिसंबर: धनु संक्रांति और खरमास की शुरुआत 16 दिसंबर को सूर्य धनु राशि में प्रवेश करेंगे। इसी के साथ खरमास शुरू होगा। भगवान सूर्य को तांबे के लोटे से जल अर्पित करें। आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें। भगवान विष्णु की पूजा और दान-पुण्य करें। खरमास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों को टालने की मान्यता है। हालांकि इस माह में पूजा, जप, तप, दान और धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं। 20 दिसंबर: मोक्षदा एकादशी और गीता जयंती मार्गशीर्ष शुक्ल एकादशी को मोक्षदा एकादशी व्रत और गीता जयंती मनाई जाती है। माना जाता है कि इसी तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था। इस दिन सुबह स्नान करके भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की पूजा करें। व्रत का संकल्प लें। भगवद्गीता के अध्यायों का पाठ करें। अन्न, वस्त्रों का दान दें। एकादशी व्रत का पारण अगले दिन द्वादशी पर करें। 21 दिसंबर: सोम प्रदोष व्रत सोमवार को शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी होने से सोम प्रदोष व्रत किया जाएगा। इस दिन भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है। शाम को प्रदोष काल में शिवलिंग पर जल और बिल्व पत्र चढ़ाएं। भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करें। महामृत्युंजय मंत्र का जप करें। 23 दिसंबर: मार्गशीर्ष पूर्णिमा, दत्तात्रेय जयंती मार्गशीर्ष महीने का समापन 23 दिसंबर को पूर्णिमा के साथ होगा। इसी दिन भगवान दत्तात्रेय की जयंती और अन्नपूर्णा जयंती भी मनाई जाती है। सुबह स्नान करके भगवान विष्णु की पूजा करें। सत्यनारायण भगवान की कथा सुनें। चंद्रमा को अर्घ्य दें। जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और धन का दान करें। भगवान दत्तात्रेय की पूजा और गुरु मंत्र का जाप भी करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)