इजराइल में नेतन्याहू की सरकार गिराने के करीब विपक्ष:6 दिसंबर तक नई सरकार बनानी होगी, आइजनकोट के समर्थन में आए 7 सांसद
इजराइल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार गिराने के लिए विपक्ष की कोशिशें तेज हो गई हैं। विपक्षी नेता और याशार पार्टी के प्रमुख गादी आइजनकोट और एविगडोर लिबरमैन की यिजराइल बेतेनु पार्टी के के 7 सांसदों का समर्थन मिल गया है। आइजनकोट अब अति-रूढ़िवादी यहूदी पार्टियों समेत दूसरे दलों का समर्थन जुटा रहे हैं। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 8 नवंबर को आइजनकोट को औपचारिक रूप से नई सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके लिए उन्हें 28 दिन यानी 6 दिसंबर तक का समय दिया गया है। राष्ट्रपति जरूरत पड़ने पर 14 दिन का अतिरिक्त समय भी दे सकते हैं। धार्मिक पार्टियों के विरोधी लिबरमैन अब साथ आने को तैयार लिबरमैन और आइजनकोट ने अपनी पार्टियों को गठबंधन में शामिल करने के लिए मंगलवार देर रात समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह सरकार बनाने की दिशा में पहला बड़ा कदम है। हालांकि, बहुमत के लिए अभी दूसरी पार्टियों का समर्थन भी जरूरी है। आइजनकोट की पार्टी याशार की समर्थन जुटाने की कोशिश में लिबरमैन की भूमिका सबसे अहम हो गई है। वे लंबे समय से अति-रूढ़िवादी पार्टियों के विरोधी रहे हैं। लेकिन अब ऐसी सरकार बनाने के पक्ष में हैं, जिसमें ये पार्टियां भी शामिल हों। लिबरमैन ने बुधवार को इजराइल के सरकारी रेडियो चैनल कान को दिए इंटरव्यू में कहा कि अगले हफ्ते तक नई सरकार बन सकती है। उन्होंने कहा, ‘यहूदी सांसदों के बहुमत वाली सरकार बनेगी।’ रूढ़िवादी पार्टियों के सांसदों को साथ लाने की कोशिश आइजनकोट की सबसे बड़ी कोशिश है कि अति-रूढ़िवादी पार्टियां नेतन्याहू का दशकों पुराना साथ छोड़ दें। अगर ऐसा होता है, तो नेतन्याहू के लिए सत्ता बचाना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, इन पार्टियों को साथ लाना आसान नहीं है। ये पार्टियां लंबे समय से अपने समुदाय के युवाओं को सेना में भर्ती करने का विरोध करती रही हैं। सेना में भर्ती से बचने वाले युवाओं की गिरफ्तारी का भी विरोध करती हैं। इसके उलट, आइजनकोट और उनके सहयोगियों ने वादा किया है कि वे किसी भी समुदाय के युवाओं को सेना में भर्ती होने से छूट नहीं देंगे। उनका कहना है कि इससे हजारों इजराइलियों पर सेना में ड्यूटी का बोझ कम होगा। यूनाइटेड टोरा जूडिज्म पार्टी के पास इजराइली संसद में 7 सीटें हैं। पार्टी आइजनकोट की सरकार बनाने की कोशिश का समर्थन कर सकती है या वोटिंग के दौरान किसी के पक्ष में वोट नहीं कर सकती। दोनों ही स्थितियों में आइजनकोट को फायदा हो सकता है। अरब पार्टी भी साथ दे सकती है अब तक लिबरमैन ऐसी सरकार के खिलाफ रहे हैं, जिसे किसी अरब पार्टी का समर्थन हासिल हो। वे अल्पमत सरकार के भी विरोधी थे। ऐसी सरकार को संसद में 61 सांसदों का समर्थन नहीं मिलता, लेकिन बाकी सांसदों की तुलना में ज्यादा वोट मिल जाते हैं। बुधवार को उन्होंने पहली बार संकेत दिया कि वे ऐसी सरकार का समर्थन कर सकते हैं। उनकी शर्त है कि सरकार के पक्ष में यहूदी सांसदों का बहुमत होना चाहिए। यरुशलम की हिब्रू यूनिवर्सिटी में राजनीति विज्ञान की लेक्चरर गेलिल तालशीर का कहना है कि लिबरमैन की नई शर्त से यूनाइटेड अरब लिस्ट यानी राअम पार्टी के लिए भी सरकार को समर्थन देने का रास्ता खुल गया है। इस पार्टी के नेता मंसूर अब्बास हैं। हालांकि, राअम पार्टी के सरकार में शामिल होने पर अभी फैसला नहीं हुआ है। तालशीर के मुताबिक, यह पार्टी आइजनकोट को सरकार बनाने में समर्थन जरूर देगी। अगर वह सरकार का हिस्सा नहीं बनती है, तो बाहर से भी उसके साथ मिलकर काम कर सकती है। आइजनकोट के पास सरकार बनाने के 3 रास्ते हैं 1. लिकुड के साथ गठबंधन: नेतन्याहू की पार्टी के साथ एकता सरकार बनाना। हालांकि, इसमें सबसे बड़ी अड़चन प्रधानमंत्री पद को लेकर है। 2. अति-रूढ़िवादी पार्टियों का समर्थन: इन पार्टियों के साथ समझौता करना। लेकिन इसके लिए सेना में अनिवार्य सेवा जैसे मुद्दों पर समझौता करना पड़ सकता है। चुनाव में आइजनकोट के खेमे ने इसी मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। 3. फिलिस्तीनी पार्टियों के समर्थन से सरकार: आइजनकोट फिलिस्तीनी पार्टियों (अरब पार्टियों) के समर्थन से अल्पमत सरकार भी बना सकते हैं। लेकिन उनके अपने गठबंधन में लिबरमैन समेत कई नेता इसके खिलाफ हैं। आइजनकोट ने इन तीनों विकल्पों को खुला रखा है। इससे उन्हें हर सहयोगी दल के साथ बातचीत में फायदा मिल रहा है। किसी एक विकल्प पर निर्भर न रहने से वे दूसरे दलों पर समझौते के लिए दबाव बना सकते हैं। साझा सरकार बनी तो नेतन्याहू पर दबाव बढ़ेगा अगर नेतन्याहू और आइजनकोट साझा सरकार बनाने पर सहमत होते हैं, तो लिकुड पार्टी पर दबाव होगा कि आइजनकोट को पहले प्रधानमंत्री बनने का मौका दिया जाए। इसके बाद दोनों नेता बारी-बारी से यह पद संभाल सकते हैं। अगर आइजनकोट तय समय में सरकार नहीं बना पाते, तो राष्ट्रपति नेतन्याहू को भी यह जिम्मेदारी सौंप सकते हैं। अगर वे भी नाकाम रहते हैं, तो इजराइल में फिर से चुनाव कराए जा सकते हैं। आइजनकोट के लिए 6 दिसंबर की तारीख निजी तौर पर भी अहम है। इसके अगले दिन यानी 7 दिसंबर को उनके 25 साल के बेटे गैल की मौत के तीन साल पूरे होंगे। गैल की मौत गाजा में लड़ाई के दौरान हुई थी। आइजनकोट ने कहा है कि वे अपने बेटे और दूसरे मारे गए इजराइली सैनिकों के बलिदान को सार्थक बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)