यूपी चुनाव 2027: अखिलेश से गठबंधन पर राहुल का बड़ा बयान, सीट बंटवारे पर रखी शर्त!
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राहुल गांधी ने सपा के साथ सम्मानजनक सीट बंटवारे पर जोर दिया। कांग्रेस ने गठबंधन वार्ता के लिए पांच सदस्यीय समिति बनाई।
दि राइजिंग न्यूज़ | लखनऊ | 16 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में राहुल गांधी ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कांग्रेस की महत्वपूर्ण सहयोगी है और सीटों का बंटवारा सम्मानजनक तरीके से होना चाहिए। राहुल गांधी ने सभी दलों को साथ लेकर चलने पर भी जोर दिया।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। कांग्रेस ने सीट बंटवारे और गठबंधन से जुड़े मुद्दों पर बातचीत के लिए पांच सदस्यीय समिति भी बनाई है। इसमें प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और आराधना मिश्रा मोना को शामिल किया गया है।
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि कांग्रेस, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी। उन्होंने सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत करने की बात कही। वहीं, सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच अभी सहमति बनना बाकी है। अखिलेश यादव पहले ही कांग्रेस की ओर से 403 में से 181 सीटों की मांग किए जाने का दावा कर चुके हैं। ऐसे में आगामी चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर होने वाली बातचीत काफी अहम मानी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)