2 वार्डों के बीच फंसी नाले की सफाई, दुकानदार परेशान:कानपुर के बादशाहीनाका सब्जी-मण्डी में सड़क पर भरा गंदा पानी
कानपुर के बादशाही नाका स्थित सब्जी मंडी में पिछले 5 दिनों से नाले का गंदा पानी सड़क पर भरा हुआ है। जलभराव और बदबू के चलते स्थानीय दुकानदारों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। दुकानदारों का आरोप है कि स्थानीय विधायक और पार्षद से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। भीखाराम स्वीट्स के मालिक मयंक गुप्ता ने बताया कि 16 नवंबर से दुकान के पास दो नालों का पानी सड़क पर भरा हुआ है। आसपास 10 से ज्यादा मिठाई और खाने-पीने की दुकानें हैं। दुकानों के आसपास गंदगी और बदबू के कारण दुकानदारी पर भी असर पड़ रहा है। इससे ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। 2 वार्डों के बीच फंसी सफाई की समस्या
दुकानदारों ने बताया कि यह इलाका वार्ड नंबर 102 में आता है, जबकि सड़क के दूसरी तरफ वार्ड नंबर 89 है। वार्ड 102 के पार्षद शिवम दीक्षित से कई बार नाले की सफाई कराने की मांग की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं, वार्ड 89 के पार्षद सुशील तिवारी शुक्रवार को मौके पर पहुंचे थे। इसके कुछ घंटे बाद नगर निगम की सफाई मशीन भी आई, लेकिन नाले की सफाई नहीं हो सकी। मामा स्वीट हाउस से नरेश मसाला वाले तक जलभराव
दुकानदारों के मुताबिक मामा स्वीट हाउस से लेकर नरेश मसाला वाले की दुकान तक नाले का गंदा पानी सड़क पर भरा हुआ है। उनका कहना है कि पिछले 3 दिनों से लगातार पार्षदों से शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। दुकानदारों ने नगर निगम से जल्द नाले की सफाई कराकर जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)