जूनियर से बदसलूकी के आरोप में दो MBBS छात्र निलंबित:सुल्तानपुर में मेडिकल कॉलेज के दो सीनियर छात्रों पर कार्रवाई

Nov 20, 2026 - 17:12
0
जूनियर से बदसलूकी के आरोप में दो MBBS छात्र निलंबित:सुल्तानपुर में मेडिकल कॉलेज के दो सीनियर छात्रों पर कार्रवाई
सुल्तानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष के छात्र से कथित गाली-गलौज और बदसलूकी के मामले में द्वितीय वर्ष के दो छात्रों को निलंबित कर दिया गया है। एंटी रैगिंग कमेटी की संस्तुति पर कॉलेज प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। दोनों छात्र अगले आदेश तक कक्षाओं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकेंगे। प्रथम वर्ष के छात्र ने की थी शिकायत MBBS प्रथम वर्ष (बैच-2025) के छात्र शुभम वर्मा ने दो नवंबर को कॉलेज प्रशासन को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि एक नवंबर की शाम लिफ्ट के पास एक वरिष्ठ छात्र ने उनके साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की। शिकायत में मौके पर मौजूद एक अन्य छात्र की भूमिका का भी जिक्र किया गया था। दो नवंबर को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें शिकायतकर्ता शुभम वर्मा और द्वितीय वर्ष (बैच-2025) के छात्र आशीष मल्होत्रा और अजय मौजूद थे। कमेटी ने शुरुआती जांच के बाद आशीष मल्होत्रा और अजय को अगले आदेश तक निलंबित करने की संस्तुति की। कक्षाओं और छात्रावास में जाने पर रोक निलंबन के दौरान दोनों छात्र कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकेंगे। इस अवधि में उपस्थिति कम होने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. हरेंद्र यादव ने शुक्रवार दोपहर दो बजे मीडिया को बताया कि निलंबन के बाद दोनों छात्रों के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। उन्होंने लिखित रूप से अपना पक्ष रखा और माफी भी मांगी। जांच पूरी होने तक निलंबन का आदेश लागू रहेगा। गार्ड, वार्डन और CCTV फुटेज की होगी जांच डॉ. यादव ने बताया कि 17 नवंबर को एंटी रैगिंग सेल का पत्र कॉलेज प्रशासन को मिला था। मामले की जांच में गार्ड, वार्डन, CCTV फुटेज, संबंधित छात्रों और शिक्षकों के बयान शामिल किए जाएंगे। इनके आधार पर रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, शिकायत में लंबे समय तक प्रताड़ित किए जाने या रैगिंग का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। फिलहाल रैगिंग की कोई अलग शिकायत भी नहीं मिली है। शिकायत में मुख्य रूप से बदसलूकी की बात कही गई है। ऐसे में एंटी रैगिंग कमेटी की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User