3 बार संशोधित हुआ सपा प्रमुख का कार्यक्रम:फिरभी चौरी चौरा के शहीद स्मारक, 'निषादों के मसीहा' को भूल गए सपाई

Nov 21, 2026 - 09:55
0
3 बार संशोधित हुआ सपा प्रमुख का कार्यक्रम:फिरभी चौरी चौरा के शहीद स्मारक, 'निषादों के मसीहा' को भूल गए सपाई
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गोरखपुर आगमन का आधिकारिक कार्यक्रम यानी मिनट टू मिनट 3 बार संशोधित किया गया। इसके बावजूद दो ऐसी कमियां रह गईं, जिसकी खूब चर्चा हो रही है। क्रांतिकारियों की धरती चौरी चौरा में आकर अखिलेश यहां के शहीदों को भूल गए। मंच से अमर शहीदों का जिक्र जरूर किया लेकिन कुछ किलोमीटर पर स्थित शहीद स्मारक नहीं गए। अखिलेश का मिनट टू मिनट कार्यक्रम तय कराते समय सपाई शहीद स्मारक का कार्यक्रम लगाना या तो भूल गए या जान बूझकर उसे किनारे कर दिया। इसके साथ ही इस क्षेत्र में निषादों के मसीहा कहे जाने वाले स्व. जमुना निषाद के यहां जाने का कार्यक्रम भी नहीं बना। जमुना निषाद की पुण्यतिथि हर साल 19 नवंबर को मनाई जाती है। उनकी पत्नी राजमती और पुत्र अमरेंद्र सपा में ही हैं। हालांकि तिवारी हाता में ही एक किनारे रखे स्व. जमुना निषाद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके औपचारिकता पूरी करने की कोशिश की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 1 नवंबर को चौरी चौरा गए थे। यहां उन्होंने बहुप्रतीक्षित रेल ओवरब्रिज की सौगात दी थी। लेकिन उद्घाटन से पहले वह चौरी चौरा शहीद स्मारक भी गए थे और चौरी चौरा प्रतिरोध में शहीद हुए क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि दी थी। मुख्यमंत्री ने मंच से शहीद हुए क्रांतिकारियों के नाम पढ़कर सुनाए थे। उन्होंने मंच से बंधू सिंह की वीरता की कहानी भी सुनाई थी। अखिलेश यादव की जनसभा को सीएम के जवाब में माना जा रहा है लेकिन शहीद स्मारक पर न जाने का फैसले से स्थानीय स्तर पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि शहीद हुए लोगों में अधिकतर पीडीए समाज से भी थे। उनके परिजन अब भी मौजूद हैं। ऐसे में अखिलेश के कार्यक्रम में शहीद स्मारक का भ्रमण न होना, भाजपा को सवाल खड़ा करने का मौका देगा। हालांकि मंच से अखिलेश यादव ने शहीदों को नमन जरूर किया। लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चौरी चौरा के लोगों की संवेदना उस शहीद स्मारक से जुड़ी है। ऐसे में वहां का कार्यक्रम तय किया जा सकता था। जानिए जमुना निषाद को लेकर क्यों हो रही चर्चा जमुना निषाद, निषाद समाज के बड़े नेता माने जाते रहे हैं। इस वर्ग के लिए उन्होंने काफी संघर्ष किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब लोकसभा का चुनाव लड़ते थे तो जमुना निषाद उनके चिर प्रतिद्वंद्वी माने जाते थे। वह बसपा से 2007 में पहली बार विधायक बने थे और मंत्री भी बनाए गए। लेकिन मार्ग दुर्घटना में उनका निधन हो गया था। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी राजमती निषाद सपा से विधायक बनीं। जमुना निषाद को लेकर गोरखपुर जिले के निषाद मतदाताओं में काफी सम्मान का भाव है। निषाद पार्टी भी उन्हें पूरा सम्मान देती है। गोरखपुर में वर्तमान में नजर आने वाले निषाद नेता उनकी बाद की पंक्ति के नजर आते हैं। ऐसे में 19 नवंबर को उनकी पुण्यतिथि से एक दिन पहले गोरखपुर आए अखिलेश यादव के कार्यक्रम में उनको श्रद्धांजलि देने की बात शामिल न होना नई चर्चाओं को जन्म दे रहा है। इस बात की सुगबुगाहट भी शुरू हो गई है कि अखिलेश का यह दौरा पूरी तरह से सवर्ण समाज को साधने को लेकर है। माना जा रहा है कि स्थानीय स्तर पर इसे भी मुद्दा बनाया जा सकता है। वरिष्ठ पत्रकार आलोक दूबे बताते हैं कि स्व. जमुना निषाद, निषाद समाज के सर्वमान्य नेता थे। संसाधनों के अभाव में रहते हुए भी उन्होंने समाज के लिए लड़ाई लड़ी। लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी कड़ी टक्कर दी थी। यदि सपा प्रमुख का कार्यक्रम उनके आवास जाने का भी बनता तो इसका अच्छा मैसेज जाता। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 19 नवंबर को उनके श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पहुंचे थे। जानिए कब-कब संशोधित हुआ कार्यक्रम सबसे पहले जो कार्यक्रम जारी हुआ था, उसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष को सीधे कार्यक्रम स्थल पर जाना था और वहीं से लौटना था। लेकिन दो दिन पहले इसमें संशोधन करते हुए रथयात्रा जोड़ दिया गया। उसके अगले ही दिन कार्यक्रम में एक और परिवर्तन हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष का तिवारी हाता जाने का कार्यक्रम तय हुआ। चौरी चौरा में मंच पर मौजूद रहने के दौरान एक और कार्यक्रम जोड़ते हुए सपा नेता दुर्गेश यादव के यहां जाने का कार्यक्रम भी बनाया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User