गंगा किनारे चप्पल-दुपट्टा मिलने के बाद मां-बेटी और बच्ची लापता:बदायूं में तीसरे दिन भी SDRF और फ्लड पीएसी तलाश में जुटीं
बदायूं में उसहैत थाना क्षेत्र के शिंभू नगला गांव से लापता मां-बेटी और दो साल की बच्ची का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका है। गंगा किनारे चप्पल और दुपट्टा मिलने के बाद तीनों के नदी में डूबने की आशंका में तलाश की जा रही है। शनिवार को भी गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीम गंगा में सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि, लगातार तलाश के बावजूद तीनों का पता नहीं चल सका है। गांव निवासी उर्मिला देवी (45) अपनी बेटी शीला और दो साल की नातिन रिया के साथ गुरुवार दोपहर से लापता हैं। शीला पति अनिल से अनबन के चलते करीब ढाई महीने से अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही थी। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीणों ने मां-बेटी को घर पर देखा था। इसके बाद दोनों बच्ची समेत अचानक लापता हो गईं। परिजनों ने पहले गांव और आसपास उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
शुक्रवार सुबह परिजन तलाश करते हुए गंगा किनारे पहुंचे तो वहां दो जोड़ी चप्पल और एक दुपट्टा पड़ा मिला। सामान की पहचान होने के बाद तीनों के गंगा में डूबने की आशंका जताई गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। बाद में एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी को भी बुलाया गया। जिस स्थान पर सामान मिला है, वहां पानी की गहराई करीब 15 फीट बताई जा रही है। परिजन शीला के पति अनिल से फोन पर हुई बातचीत को भी इस घटनाक्रम से जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस गंगा में तलाश कराने के साथ ही दूसरे पहलुओं पर भी जांच कर रही है। सीओ उझानी राहुल पांडेय ने बताया कि तीनों की तलाश जारी है। अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)