4 साल की बच्ची की हत्या कर शव फेंका:2KM दूर झाड़ियों में मिला शव, 6 थानों की पुलिस कातिल की तलाश में जुटी
हरदोई के कोतवाली लोनार क्षेत्र के कमालपुर गांव में चार साल की बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बच्ची 13 नवंबर की दोपहर घर के बाहर प्राथमिक विद्यालय के पास खेलते समय अचानक लापता हो गई थी। रविवार शाम उसका शव गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक बगीचे की झाड़ियों में मिला। परिजनों ने बच्ची की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। कमालपुर निवासी ध्यान सिंह की चार साल की बेटी 13 नवंबर को घर के बाहर खेल रही थी। उस समय उसके पिता अपने भाई के साथ खेत में गेहूं की बुवाई कर रहे थे। काफी देर तक बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव, आसपास के खेतों और रास्तों पर खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की। मासूम को खोजने के लिए छह थानों की पुलिस के साथ एसओजी, सर्विलांस और डॉग स्क्वायड की टीमें लगाई गई थीं। रविवार दोपहर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक बगीचे की झाड़ियों में बच्ची का शव मिला। पिता ध्यान सिंह का कहना है कि वह इस स्थान पर पहले करीब दस बार तलाश कर चुके थे। उनका आरोप है कि बच्ची की हत्या करने के बाद शव यहां फेंका गया। बच्ची के गाल पर कटने का निशान मिला है। शव मिलने के बाद फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
एसपी अशोक कुमार मीणा, एएसपी पश्चिमी अखिलेश सिंह और सीओ हरपालपुर प्रवीण यादव मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस गांव और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है। डॉग स्क्वायड की मदद से संदिग्ध स्थानों की छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और बच्ची की मौत के कारणों तथा घटना में शामिल व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)