चिनहट में रिसेप्शनिस्ट और विवाहिता ने फांसी लगाई:छठ पर गांव गया था रूम पार्टनर, तीन साल पहले हुई थी लव मैरिज
लखनऊ के चिनहट इलाके में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाओं में होटल के रिसेप्शनिस्ट और एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। रिसेप्शनिस्ट का शव कमरे में छत के कुंडे से लटका मिला, जबकि विवाहिता का शव घर में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। विवाहिता के मायके पक्ष ने पति और ससुरालीजनों पर प्रताड़ित करने और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छठ पर गांव गया था रूम पार्टनर, लौटने पर फंदे से लटका मिला शिवम बाराबंकी के मोहम्मदपुर राममांडई गांव निवासी शिवम पांडेय (25) मटियारी में किराए के कमरे में रहता था। वह एक होटल में रिसेप्शनिस्ट था। उसके भाई मयंक ने बताया कि शिवम के साथ अर्पित भी कमरे में रहता था। छठ पर्व पर अर्पित अपने गांव गया था। सोमवार सुबह करीब नौ बजे जब वह कमरे पर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला और न ही अंदर से कोई आवाज आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर शिवम का शव छत के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका मिला। चिनहट इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिवम के परिवार में पिता देवानंद, मां गायत्री, तीन बहनें और एक भाई हैं। झगड़े की बात बताकर मायके वालों को किया था फोन, पहुंचने से पहले मिली मौत की सूचना सैरपुर के नहरपुर निवासी विवेक ने बताया कि उनकी बहन शांति गौतम (21) ने तीन साल पहले गोमतीनगर निवासी वेल्डिंग कारीगर अच्छे गौतम से प्रेम विवाह किया था। दंपती की छह महीने की बेटी है। रविवार देर शाम शांति ने फोन कर बताया कि पति उससे झगड़ा कर रहा है। इस पर मायके के लोग उसके घर जाने के लिए निकल पड़े। विवेक का आरोप है कि रास्ते में ही जीजा का फोन आया कि शांति ने फांसी लगा ली है। घर पहुंचने पर बहन का शव कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। इसके बाद मायके पक्ष ने गोमतीनगर पुलिस को सूचना दी। विवेक ने पति और ससुरालीजनों पर शांति को प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। शांति के पिता शिवराम हैं। गोमतीनगर एसीपी रत्नेश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)