लखनऊ में जस्सी के पंजाबी गानों पर झूमे दर्शक:लोहिया पार्क में देशज महोत्सव का आगाज; सोनचिरैया के 15 साल पूरे होने पर आयोजन

Nov 21, 2026 - 11:02
0
लखनऊ में जस्सी के पंजाबी गानों पर झूमे दर्शक:लोहिया पार्क में देशज महोत्सव का आगाज; सोनचिरैया के 15 साल पूरे होने पर आयोजन
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में शुक्रवार को देशभर की लोककलाओं का रंग दिखा। कहीं पंजाबी गानों पर दर्शक झूमे तो कहीं अवधी लोकगीतों ने समां बांधा। मौका था दो दिवसीय देशज महोत्सव के छठे संस्करण का। सोनचिरैया के 15 साल पूरे होने पर इसका आयोजन किया गया। महोत्सव की शुरुआत पंजाबी गायक जसवीर जस्सी और पद्मश्री मालिनी अवस्थी की प्रस्तुतियों से हुई। मालिनी के लोकगीतों ने बांधा समां मालिनी अवस्थी ने 'मेरा देश है रंगीला' गीत से शुरुआत की। इसके बाद 'रेलिया बैरन', 'सइयां मिले लरकइयां', 'काहे को ब्याही बिदेस' और 'निमिया के डार मइया' सुनाया। उनके लोकगीतों में अवधी और पूर्वांचल की मिट्टी की खुशबू दिखी। दर्शक भी गीतों के साथ जुड़ते नजर आए। जस्सी के गानों पर झूमे दर्शक जसवीर जस्सी ने पंजाबी गीतों से महफिल में जोश भर दिया। उन्होंने 'दिल ले गई कुड़ी गुजरात दी', 'कुड़ी कुड़ी' और 'निशानी प्यार दी' सुनाया। इन गानों पर दर्शक झूम उठे। इसके बाद उन्होंने हिंदी गीत 'झुमका गिरा रे बरेली के बाजार में' सुनाया। भोजपुरी गानों 'छपरा हिले बलिया हिलेला' और 'गोरी लांचके जब कमरिया पूरा आरा हिलेला' से भी दर्शकों का मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति में पंजाबी, हिंदी और भोजपुरी संगीत का संगम दिखा। 'दिल ले गई कुड़ी गुजरात दी' से मिली पहचान जसवीर जस्सी का असली नाम जसबीर सिंह बैंस है। उन्होंने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ली है। 1993 में 'चन्ना वे तेरी चानणी' एल्बम से संगीत की दुनिया में कदम रखा। 1998 में रिलीज 'दिल ले गई कुड़ी गुजरात दी' ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई। 'कोका', 'कुड़ी कुड़ी', 'निशानी प्यार दी' और 'लौंग दा लश्कारा' उनके चर्चित गाने हैं। जस्सी गायक के साथ गीतकार, संगीतकार और अभिनेता भी हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User