77.66करोड़ का रेरा बकाया नहीं चुकाने पर 3 निदेशक गिरफ्तार:ग्रेटर नोएडा में कई बार नोटिस, दफ्तर सील करने के बाद की कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा में रेरा का 77 करोड़ 66 लाख रुपए से ज्यादा का बकाया जमा नहीं करने पर जिला प्रशासन ने तीन निदेशकों को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को दादरी तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए निदेशक अंसल हाईटेक टाउनशिप्स लिमिटेड और उत्तम स्टील्स एसोसिएट्स लिमिटेड से जुड़े हैं। तीनों को दादरी के एसडीएम के सामने पेश किया गया। बकाया रकम जमा नहीं करने और पर्याप्त प्रतिभूति नहीं देने पर उन्हें अधिकतम 15 दिन की हिरासत में जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। गिरफ्तार निदेशकों की पहचान श्री राम, मोहम्मद अलीम और तस्लीम सिद्दीकी के रूप में हुई है। प्रशासन के मुताबिक, तीनों पर रेरा का 77.66 करोड़ रुपए से अधिक बकाया है। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद उन्होंने रकम जमा नहीं की थी। इसके बाद प्रशासन ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की। दफ्तर सील किए, अनाउंसमेंट कर दी थी चेतावनी प्रशासन की टीम इससे पहले भी बकाया वसूली के लिए संबंधित कंपनियों के दफ्तरों पर पहुंची थी। वहां अनाउंसमेंट कर बकाया जमा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा कंपनियों के कार्यालयों को कई बार सील भी किया गया। नोटिस जारी करने और चेतावनी देने के बावजूद बकाया जमा नहीं करने पर गुरुवार को तीनों निदेशकों को गिरफ्तार किया गया। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकायेदारों के खिलाफ राजस्व वसूली अभियान जारी रहेगा। बकाया जमा नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)