800 रुपए के लिए काटा था मंतशा का गला:सहारनपुर में सिर पर फूंकनी से किया वार, हत्या के बाद छत से कूदकर भागा था आरोपी

Nov 15, 2026 - 20:56
0
800 रुपए के लिए काटा था मंतशा का गला:सहारनपुर में सिर पर फूंकनी से किया वार, हत्या के बाद छत से कूदकर भागा था आरोपी
सहारनपुर में थाना कोतवाली देहात क्षेत्र की दानिश कॉलोनी में मंतशा (25) की हत्या महज 800 रुपए के विवाद में कर दी गई। आरोपी रियासत ने पहले कमरे में रखी लोहे की फूंकनी से मंतशा के सिर पर वार किया। इसके बाद बाहर रखे चाकू से उसका गला काट दिया। हत्या के बाद आरोपी घर की छत से कूदकर फरार हो गया। पुलिस ने वारदात के करीब 17 घंटे के भीतर उसे अरेस्ट कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और लोहे की फूंकनी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने तसनुमा उर्फ बड़ी भूरी को पिछले तीन-चार साल से अपनी मुंहबोली खाल्ला (मौसी) बना रखा था। इस वजह से उसका उनके घर पर आना-जाना था। इसी दौरान तसनुमा की सबसे छोटी बेटी मंतशा से उसकी नजदीकियां बढ़ गई थीं। मंतशा अपने पति मुकीम उर्फ आर्यन से अलग होकर मायके में रह रही थी। आरोपी ने बताया कि मंतशा को जब पैसों की जरूरत होती थी तो वो उसे रुपए दे देता था। आरोपी रियासत ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने मंतशा को 800 रुपए उधार दिए थे। कई बार पैसे मांगने के बावजूद वह रुपए वापस नहीं कर रही थी। इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी थी। 14 नवंबर को वो अपने पैसे लेने मंतशा के घर पहुंचा था। वहां उसने मंतशा से रुपए मांगे तो उसने साफ कह दिया कि वो पैसे नहीं देगी। इसी बात पर गुस्से में आकर उसने हत्या कर दी। पहले सिर पर फूंकनी मारी, फिर चाकू से काटा गला आरोपी ने पुलिस को बताया कि मंतशा के पैसे लौटाने से इनकार करने पर उसने कमरे में रखी लोहे की फूंकनी उठाई और उसके सिर पर वार कर दिया। इससे उसके सिर से खून निकलने लगा। इसके बाद उसने कमरे के बाहर रखे चाकू से मंतशा का गला काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घबरा गया। वह घर की छत से कूदकर मौके से भाग निकला। हत्या में इस्तेमाल चाकू और लोहे की फूंकनी भी अपने साथ ले गया। बाद में रास्ते में दोनों हथियार घास में छिपाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों हथियार बरामद कर लिए हैं। रेलवे क्रॉसिंग टपरी अड्डे के पास पकड़ा पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर को तसनूमा उर्फ बड़ी भूरी की तहरीर पर रियासत पुत्र हमीद निवासी शेखपुरा कदीम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। थाना कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज किया गया। पढ़िए...पूरा मामला थाना देहात कोतवाली की दानिश कॉलोनी में रहने वाली मंतशा अपनी मां, बहन और छोटे भाई के साथ मायके में रहती थी। शनिवार 14 नवंबर को उसकी मां तसनूमा दूध लेने के लिए घर से बाहर गई हुई थी। छोटा भाई भी घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान घर के अंदर मंतशा की हत्या कर दी गई। शाम करीब चार बजे उसका छोटा भाई घर पहुंचा। उसने दरवाजे की कुंडी खोली तो कमरे में बेड पर बहन का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। यह देखकर उसने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। मोहल्ले के लोगों ने बताया था कि जब मंतशा का भाई घर में दाखिल हुआ तो एक युवक छत के रास्ते भागता दिखाई दिया था। बाद में इसी घटनाक्रम के आधार पर भी पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। मंतशा की शादी करीब तीन साल पहले मुकीम उर्फ आर्यन से हुई थी। शादी के लगभग एक साल बाद ही दोनों अलग रहने लगे थे। मंतशा अपनी मां के घर रहने लगी थी। उसकी दो साल की एक बेटी भी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पति ने बाद में दूसरी शादी कर ली थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User