लम्बे क्रिकेट में विराट युग पर पूर्ण विराम
दि राइजिंग न्यूज। नई दिल्ली । 12 मई 2025 । भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक, विराट कोहली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। कोहली ने यह फैसला इंग्लैंड दौरे से पहले लिया और इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की। हाल ही में रोहित शर्मा के टेस्ट से रिटायर होने के कुछ ही दिन बाद कोहली का यह फैसला आया है, जिससे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है।
दि राइजिंग न्यूज। नई दिल्ली । 12 मई 2025 ।
भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक, विराट कोहली ने सोमवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। कोहली ने यह फैसला इंग्लैंड दौरे से पहले लिया और इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की। हाल ही में रोहित शर्मा के टेस्ट से रिटायर होने के कुछ ही दिन बाद कोहली का यह फैसला आया है, जिससे क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है।
कोहली ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "टेस्ट क्रिकेट में बैगी ब्लू पहनकर मुझे 14 साल हो गए हैं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह सफर मुझे कहां तक ले जाएगा। इस फॉर्मेट ने मेरी परीक्षा ली, मुझे गढ़ा और जीवन के अहम सबक सिखाए।" उन्होंने आगे कहा, "सफेद कपड़ों में खेलना एक निजी अनुभव है — लंबी मेहनत, छोटे पल, जो नज़र नहीं आते, पर हमेशा दिल में रहते हैं। इससे दूर होना आसान नहीं है, लेकिन अब समय आ गया है।"
रिकॉर्ड्स और योगदान
विराट कोहली ने जून 2011 में टेस्ट डेब्यू किया था और 14 साल के करियर में उन्होंने 129 टेस्ट मैचों में 9230 रन बनाए, जिसमें 30 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 254 उनका टेस्ट क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर रहा। कोहली इससे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से भी संन्यास ले चुके हैं। अब वह सिर्फ वनडे क्रिकेट में नजर आएंगे और 2027 वर्ल्ड कप जीतने पर उनका फोकस रहेगा।
क्रिकेट जगत की प्रतिक्रियाएं

BCCI:
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कोहली की विदाई पर लिखा, "टेस्ट क्रिकेट में एक युग का अंत। उनकी विरासत हमेशा जीवित रहेगी। उनका योगदान अमिट रहेगा।"

ICC:
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कोहली को भारत के महानतम टेस्ट खिलाड़ियों में से एक बताया और कहा, "वह अब सफेद जर्सी नहीं पहनेंगे, लेकिन उनका ताज कायम रहेगा।"
युवराज सिंह:
पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह ने लिखा, "टेस्ट क्रिकेट ने तुम्हारे भीतर के योद्धा को जगाया और तुमने इसके लिए सब कुछ झोंक दिया।"
वीरेंद्र सहवाग:
पूर्व सलामी बल्लेबाज सहवाग ने पोस्ट किया, "तुम्हारी तीव्रता और जुनून हमेशा प्रेरणादायक रहे। तुम टेस्ट क्रिकेट के सच्चे राजदूत रहे।"
एबी डिविलियर्स:
दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज और कोहली के IPL साथी एबी डिविलियर्स ने लिखा, "मेरी बिस्कोटी को शानदार करियर पर बधाई। तुम सच्चे लीजेंड हो।"
हरभजन सिंह:
भज्जी ने कहा, "सिर्फ आंकड़ों से नहीं, बल्कि इरादों, जुनून और प्रेरणा से भी विराट खास रहे।"
झूलन गोस्वामी:
पूर्व महिला क्रिकेटर झूलन ने लिखा, "विराट की बल्लेबाजी सिर्फ कौशल नहीं, बल्कि उनके तेवर की कहानी थी। 14 साल की अविस्मरणीय यादों के लिए धन्यवाद।"
कोहली की विदाई के मायने
कोहली के संन्यास के साथ भारतीय क्रिकेट के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया है। उन्होंने सिर्फ रन नहीं बनाए, बल्कि भारतीय टीम की सोच, आक्रामकता और फिटनेस संस्कृति को एक नई दिशा दी। उनके बाद टेस्ट टीम के लीडरशिप में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।