आगरा में बढ़ा प्री मेच्योर बेबी का सर्वाइवल रेट:SN के डॉक्टर बोले-75% तक पहुंचा ग्राफ, न्यूबॉर्न केयर वीक पर हुआ अवेयरनेस प्रोग्राम

Nov 21, 2026 - 18:05
0
आगरा में बढ़ा प्री मेच्योर बेबी का सर्वाइवल रेट:SN के डॉक्टर बोले-75% तक पहुंचा ग्राफ,  न्यूबॉर्न केयर वीक पर हुआ अवेयरनेस प्रोग्राम
आगरा में पिछले 3-4 वर्षों में प्री-मैच्योर यानी समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों को बचाने की दर में सुधार हुआ है। अस्पतालों में सुविधाओं में बढ़ोतरी से अब करीब 75 प्रतिशत ऐसे बच्चों को बचाने में सफलता मिल रही है। एसएन मेडिकल के बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि हाल ही में करीब 850 से 900 ग्राम वजन के एक बच्चे को भी विशेष देखभाल देकर स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई। पहले की तुलना में अब बेहद कम वजन वाले बच्चों को भी बेहतर इलाज मिल पा रहा है। डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि प्री-मैच्योर बच्चों का जन्म गर्भावस्था के 37 सप्ताह पूरे होने से पहले हो जाता है। इनमें कई अंग पूरी तरह विकसित नहीं हो पाते। फेफड़े विकसित नहीं होने से सांस लेने में परेशानी होती है। आंतों के पूरी तरह विकसित नहीं होने से पेट संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने से संक्रमण का खतरा रहता है। शरीर का तापमान भी तेजी से कम हो सकता है। ऐसे बच्चों में सांस संबंधी परेशानी, पेट और पाचन तंत्र की समस्या और दिमाग से जुड़ी जटिलताएं प्रमुख होती हैं। उन्होंने बताया कि एक स्वस्थ नवजात का वजन सामान्यत: 2.5 से 3 किलोग्राम के बीच होना चाहिए। इससे कम वजन के बच्चों को विशेष देखभाल की जरूरत पड़ सकती है। भारत में प्री-मैच्योर बच्चों को इन बीमारियों का खतरा भारत में समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों में सांस लेने में परेशानी (रेस्पिरेटरी डिस्ट्रेस सिंड्रोम), नवजात संक्रमण (सेप्सिस), निमोनिया, आंतों में गंभीर संक्रमण (नेक्रोटाइजिंग एंटरोकोलाइटिस), दिमाग में रक्तस्राव और शरीर का तापमान कम होने जैसी समस्याएं देखी जाती हैं। इनमें फेफड़ों के पूरी तरह विकसित नहीं होने से होने वाली सांस की परेशानी प्रमुख जटिलताओं में शामिल है। संक्रमण भी ऐसे बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। न्यूबॉर्न केयर सप्ताह के अंतिम दिन हुआ जागरूकता कार्यक्रम एसएन मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग में न्यूबॉर्न केयर सप्ताह के अंतिम दिन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि सप्ताह के दौरान नवजात बच्चों के परिजनों को उनकी देखभाल, जरूरी सावधानियों और खतरे के संकेतों के बारे में लगातार जागरूक किया गया। इसी क्रम में अंतिम दिन भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 50 रेजिडेंट डॉक्टर और तीमारदार शामिल हुए। डॉ. नीरज कुमार ने नवजात की देखभाल में जरूरी सावधानियों, लक्षणों और खतरे के संकेतों की जानकारी दी। डॉ. दीपक कुमार ने छोटा डेमो देकर नवजात की देखभाल के तरीके समझाए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राम क्षितिज शर्मा ने किया। इस दौरान डॉ. राजेश्वर दयाल, डॉ. अनामिका गोयल, डॉ. शिखा गुप्ता, डॉ. मेघा अग्रवाल, डॉ. नेहा अग्रवाल, डॉ. मनीष परमार, डॉ. मारिया, डॉ. वर्षा चौधरी और डॉ. अश्विनी कनौजिया सहित रेजिडेंट डॉक्टर और तीमारदार मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User