आधी रात महाकाल पहुंचेंगे गोपाल मंदिर, होगा हरिहर मिलन:रात 11 बजे पालकी में निकलेंगे; पंचामृत अभिषेक और मालाओं का आदान-प्रदान
उज्जैन में रविवार रात शैव और वैष्णव परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। भगवान महाकाल पालकी में सवार होकर भगवान द्वारकाधीश से मिलने गोपाल मंदिर पहुंचेंगे। रात 11 बजे महाकाल मंदिर से निकलने वाली सवारी का रास्तेभर आतिशबाजी और जयकारों के साथ स्वागत किया जाएगा। महाकाल चौराहा, गुदरी बाजार और पटनी बाजार होते हुए सवारी रात 12 बजे गोपाल मंदिर पहुंचेगी। यहां दोनों देवताओं का पूजन होगा और एक-दूसरे की प्रिय मालाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा। हरिहर मिलन की यह परंपरा केवल दो देवताओं के मिलन का उत्सव नहीं, बल्कि शैव और वैष्णव संप्रदाय की एकता का प्रतीक भी है। मान्यता है कि भगवान शिव और भगवान विष्णु में कोई भेद नहीं है। इसी भाव को प्रकट करने के लिए भगवान महाकाल को भगवान विष्णु की प्रिय तुलसी की माला और भगवान द्वारकाधीश को भगवान शिव के प्रिय बिल्वपत्र की माला अर्पित की जाती है। मालाओं के आदान-प्रदान में छिपा है सत्ता हस्तांतरण का भाव पौराणिक मान्यता के अनुसार, देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक भगवान विष्णु राजा बलि के यहां पाताल लोक में निवास करते हैं। इस अवधि में सृष्टि के संचालन का दायित्व भगवान शिव संभालते हैं। देवउठनी एकादशी के बाद भगवान विष्णु फिर से सृष्टि के पालन का दायित्व संभालते हैं। इसी परंपरा के प्रतीक स्वरूप कार्तिक शुक्ल चतुर्दशी की रात हरिहर मिलन का आयोजन किया जाता है। मालाओं का आदान-प्रदान इसी दायित्व परिवर्तन का प्रतीक माना जाता है। पंचामृत अभिषेक के बाद होगी विशेष पूजा गोपाल मंदिर में भगवान महाकाल और भगवान द्वारकाधीश का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों देवताओं को एक-दूसरे की प्रिय मालाएं अर्पित की जाएंगी। भगवान महाकाल को तुलसी की और भगवान द्वारकाधीश को बिल्वपत्र की माला पहनाई जाएगी। दोनों देवताओं को विशेष भोग भी लगाया जाएगा। महाकाल मंदिर के पुजारी महेश शर्मा के अनुसार, हरिहर मिलन का संदेश है कि शिव और विष्णु में कोई भेद नहीं है। सनातन धर्म के दोनों प्रमुख संप्रदाय एक-दूसरे के पूरक हैं। वर्ष में एक बार होने वाले इस अनूठे मिलन के दर्शन के लिए श्रद्धालु उत्सुक रहते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)