नेपाली PM बालेन शाह आज पहली बार भारत आएंगे:राम-सीता की नगरी को जोड़ने वाली ट्रेन कल से चलेगी, मोदी-बालेन उद्घाटन करेंगे

Nov 22, 2026 - 05:09
0
नेपाली PM बालेन शाह आज पहली बार भारत आएंगे:राम-सीता की नगरी को जोड़ने वाली ट्रेन कल से चलेगी, मोदी-बालेन उद्घाटन करेंगे
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज पहली बार भारत के दौरे पर आएंगे। दोपहर 3 बजे वे दिल्ली पहुंचेंगे। इसके बाद वे विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिलेंगे। पीएम बालेन शाह का कल राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। वे राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि भी देंगे। इसके बाद पीएम मोदी और बालेन शाह की द्विपक्षीय बैठक होगी। इसके बाद दोनों नेता भगवान राम के जन्मस्थान अयोध्या और नेपाल में देवी सीता के जन्मस्थान जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। हफ्ते में एक दिन ट्रेन, 604 किमी का सफर अयोध्या से जनकपुरधाम तक चलने वाली यह ट्रेन 604 किलोमीटर का सफर तय करेगी। ट्रेन के प्रमुख स्टॉपेज में अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं। यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी। जनकपुरधाम से हर शनिवार और अयोध्या कैंट से हर सोमवार को रवाना होगी। इससे भारत में भगवान राम की जन्मभूमि और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि के बीच सीधा रेल संपर्क बनेगा। अब दोनों देशों के श्रद्धालु रामायण से जुड़े इन दो प्रमुख तीर्थस्थलों तक ट्रेन से पहुंच सकेंगे। इसके अलावा बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के लोगों को भी पढ़ाई, कारोबार और परिवार से मिलने के लिए आने-जाने का एक नया विकल्प मिलेगा। बालेन शाह की भारत यात्रा से नेपाल और भारत को क्या मिलेगा? नेपाल को नए हवाई रास्तों की जरूरत क्यों है? नेपाल ने दूसरे देशों से सीधी उड़ानें बढ़ाने के लिए दो बड़े अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाए हैं। इनमें भैरहवा का गौतम बुद्ध इंटरनेशनल एयरपोर्ट मई 2022 में शुरू हुआ था। इसके बाद पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जनवरी 2023 में शुरू हुआ। नेपाल को उम्मीद थी कि इन एयरपोर्ट पर दूसरे देशों से सीधे विमान आएंगे। इससे काठमांडू के एयरपोर्ट पर भीड़ कम होगी और भैरहवा-पोखरा में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। लेकिन एयरपोर्ट बनने के बाद भी यहां अंतरराष्ट्रीय उड़ानें उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पाईं। इसकी एक बड़ी वजह सीधे हवाई रास्तों की कमी है। दरअसल, पोखरा और भैरहवा नेपाल के पश्चिमी हिस्से में हैं। नेपाल चाहता है कि पश्चिमी देशों और खाड़ी से आने वाले विमान पश्चिम की तरफ से उड़ान भरें और सीधे नेपाल में प्रवेश कर जाएं। इससे उन्हें लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। लेकिन इसमें एक दिक्कत है। पश्चिम की तरफ से नेपाल में प्रवेश करने के लिए विमानों को भारतीय हवाई क्षेत्र से गुजरना होगा। यानी उन्हें भारतीय आसमान के ऊपर से उड़ान भरनी होगी। इसके लिए भारत की अनुमति जरूरी है। विवाद कहां है? नेपाल को इससे क्या नुकसान हो रहा है? इसे ऐसे समझिए। अगर दुबई से एक विमान पोखरा आना चाहता है। अगर उसे महेंद्रनगर के रास्ते प्रवेश की अनुमति मिल जाए, तो वह पश्चिम की तरफ से सीधे पोखरा पहुंच सकता है। अभी उसे नेपाल में प्रवेश के लिए पूर्व की तरफ सिमरा एयर रूट तक जाना पड़ता है। वहां से वापस पश्चिम की ओर मुड़कर पोखरा या भैरहवा पहुंचना होता है। इससे विमान को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इसके 4 नुकसान हैं… ज्यादा ईंधन खर्च: विमान को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे ईंधन का खर्च बढ़ता है। उड़ान में ज्यादा समय: यात्रियों को मंजिल तक पहुंचने में ज्यादा समय लगता है। एयरपोर्ट का पूरा इस्तेमाल नहीं: एयरलाइंस के लिए लंबा और महंगा रास्ता होने से भैरहवा और पोखरा के लिए उड़ानें शुरू करना कम आकर्षक हो सकता है। पर्यटन को नुकसान: सीधे और आसान हवाई संपर्क की कमी से इन शहरों में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में मुश्किल होती है। भारत नए हवाई रास्ते देने में सावधानी क्यों बरत रहा है? काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, भारत के लिए यह सिर्फ नेपाल को हवाई रास्ता देने का मामला नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा है। नेपाल के कुछ प्रस्तावित हवाई रास्ते उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के पास से गुजरते हैं। यहां भारतीय वायुसेना का अहम ठिकाना है, जहां लड़ाकू विमानों का संचालन और अभ्यास होता है। भारत ने पहले भी गोरखपुर में सैन्य ठिकाने की मौजूदगी का हवाला देते हुए भैरहवा और नेपालगंज के ऊपर से नए हवाई रास्ते खोलने पर आपत्ति जताई थी। भारत की चिंता सुरक्षा और हवाई यातायात के प्रबंधन से जुड़ी है। नेपाल का सवाल है कि जब एल626 रास्ते से विमान नेपाल से भारत जा सकते हैं, तो भारत से नेपाल आने वाले विमानों को भी इसी रास्ते से सामान्य ऊंचाई पर उड़ने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही? भारत ने 2023 में इस रास्ते से नेपाल आने वाली उड़ानों को अनुमति देने पर सहमति जताई थी, लेकिन शर्त रखी थी कि विमान 15 हजार से 24 हजार फीट की ऊंचाई पर ही उड़ सकेंगे। नेपाल की आपत्ति है कि इतनी कम ऊंचाई बड़े जेट विमानों के लिए व्यावहारिक नहीं है। नेपाल के पर्यटन मंत्री भारत दौरे पर नहीं आए हैं। ऐसे में एक्सपर्ट्स के मुताबिक एयर स्पेस के मुद्दे पर बातचीत होने की संभावना कम है। रैपर से पीएम बने बालेन शाह बालेन शाह राजनीति में आने से पहले काठमांडू के मशहूर रैपर थे। उनके गानों में भ्रष्टाचार, नेताओं की मनमानी, राजनीतिक व्यवस्था की खामियों और आम लोगों की परेशानियों का जिक्र होता था। बालेन ने 2022 में राजनीति में कदम रखा। उन्होंने काठमांडू मेयर का चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ा और जीत हासिल की। 2025 में नेपाल में हुए जेन-जी आंदोलन के दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारी युवाओं का समर्थन किया। इसके बाद दिसंबर 2025 में वे राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का चेहरा बनाया। 2026 के आम चुनाव में जीत के बाद वे नेपाल के प्रधानमंत्री बने। इस तरह एक रैपर के तौर पर भ्रष्टाचार और व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने वाले बालेन शाह ने संगीत से राजनीति तक का सफर तय किया और देश के सर्वोच्च कार्यकारी पद तक पहुंचे। ---------------------- यह खबर भी पढ़ें… चीन की ताकत दिखाने जिनपिंग ने शेनझेन शहर चुना: यहां APEC समिट; 45 साल पहले मछुआरों का गांव था, अब दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रॉनिक्स हब चीन के शेनझेन शहर में ट्रम्प, पुतिन और जिनपिंग की मीटिंग होनी है। दूसरे विश्व युद्ध के बाद यह पहली बार है जब टॉप-3 देशों के नेता एकसाथ त्रिपक्षीय बैठक करेंगे। पूरी खबर यहां पढ़ें…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User