दुधवा में जंगली जल भैंसों को बसाने की तैयारी:असम से लाया जाएगा ग्रुप, बाघों से सुरक्षा के लिए बनेगा अलग बाड़ा
लखीमपुर खीरी के दुधवा टाइगर रिजर्व में करीब चार दशक पहले गायब हो चुके जंगली जल भैंसों को फिर बसाने की तैयारी है। भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून से इनके लिए उपयुक्त जगह का अध्ययन कराया जा रहा है। घास के मैदानों की गुणवत्ता, पानी के स्रोत और कम मानवीय दखल को देखते हुए दुधवा को इनके पुनर्वास के लिए उपयुक्त माना गया है। संस्थान की रिपोर्ट और जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद असम से जंगली जल भैंसों का एक समूह लाया जाएगा। योजना के तहत उनके रहने के लिए अलग और सुरक्षित बाड़ा बनाया जाएगा। पहले उन्हें गैंडा क्षेत्र में रखने पर विचार था, लेकिन सुरक्षा कारणों से योजना में बदलाव किया गया है। असम से आए वन्यजीव विशेषज्ञों ने गैंडा क्षेत्र में बाघों की आवाजाही को देखते हुए जल भैंसों की सुरक्षा पर चिंता जताई। विशेषज्ञों के मुताबिक, बाघों की मौजूदगी उनके लिए खतरा बन सकती है। इसलिए विशेष बाड़ वाला अलग बाड़ा बनाया जाएगा, ताकि बाघ और दूसरे हिंसक वन्यजीव उसमें न जा सकें। दुधवा में वर्ष 1984 में गैंडा पुनर्वास कार्यक्रम शुरू हुआ था। पांच गैंडों से शुरू हुए इस कार्यक्रम के तहत अब यहां करीब 50 गैंडे हैं। गैंडों के संरक्षण के बाद अब जंगली जल भैंसों के पुनर्वास की योजना बनाई जा रही है। परियोजना सफल होने पर दुधवा के पारिस्थितिकी तंत्र और प्रदेश की जैव विविधता को मजबूती मिलेगी। इससे इस इलाके से लंबे समय से गायब जंगली जल भैंसों की आबादी फिर बसाने में मदद मिलेगी। दुधवा टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर जगदीश आर ने बताया कि जंगली जल भैंस एक संकटग्रस्त प्रजाति है। इनके पुनर्वास के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है। इस संबंध में कागजी कार्रवाई भी की जा रही है। संभावना है कि मार्च 2027 में असम से जल भैंसों को दुधवा लाया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)