आगरा में विवाहिता की संदिग्ध मौत:शरीर पर चोट के निशान, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
आगरा के थाना हरीपर्वत के नगला धनी में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुरालीजनों पर पीटने के बाद फंदे से लटकाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सैंया के लादूखेड़ा निवासी आरती (32) का विवाह करीब 12 वर्ष पहले नगला धनी निवासी अमित के साथ हुआ था। अमित जूता कारीगर का काम करता है। आरती के दो बेटे हैं। मायके पक्ष के अनुसार, शादी के बाद से ही घर में विवाद चल रहा था। आरती के भाई गोविंदा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार शाम उन्हें बहन के पड़ोसियों ने फोन कर मौत की सूचना दी। बताया गया कि दोपहर करीब तीन बजे पति और ससुरालीजनों ने आरती की पिटाई की थी। सूचना मिलते ही जब वह मौके पर पहुंचे तो बहन का शव जमीन पर रखा हुआ था। गोविंदा का आरोप है कि आरती के शरीर पर चोटों के निशान थे और सीढ़ियों पर बालों का गुच्छा पड़ा था। आशंका जताई गई कि मारपीट के दौरान बाल खींचे गए। मायके पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि मौत के बाद शव को नहलाकर साफ किया गया था, जिससे सबूत मिटाने की कोशिश की गई। परिजनों के अनुसार, पति अमित ने दौरा पड़ने से मौत होने की बात कही, लेकिन हालात को देखकर उन्हें हत्या का शक हुआ। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गोविंदा ने बताया कि पति अमित का क्षेत्र की ही दूसरी महिला से संबंध है। इसी बात को लेकर आए दिन घर में झगड़ा होता था। आरोप है कि सास निहाल देवी, ससुर सत्यप्रकाश और देवर आकाश पति का समर्थन करते थे और आरती की पिटाई करते थे। कई बार समझाने के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। वहीं, एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों की शिकायत के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)