आज से जनगणना-2027 के स्वगणना अभियान का हुआ आगाज:डीएम अविनाश सिंह ने परिवार संग किया पंजीकरण, 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन दर्ज करें जानकारी
बरेली जिले में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार से स्वगणना (Self-Enumeration) अभियान की शुरुआत हो गई है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अपने कैंप कार्यालय से परिवार और समस्त स्टाफ के साथ स्वगणना कर इस अभियान का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने जागरूकता प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जिले भर में लोगों को ऑनलाइन गणना के प्रति जागरूक करेगी। 10 से 12 मिनट में पूरी होगी ऑनलाइन प्रक्रिया जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि स्वगणना अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगा। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर लॉगिन कर अपनी और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसमें मुख्य रूप से 40 प्रश्न और उप-भागों को मिलाकर कुल 67 सवाल पूछे जाएंगे, जिन्हें भरने में महज 10 से 12 मिनट का समय लगता है। 1 दिसंबर से घर-घर दस्तक देंगे प्रगणक ऑनलाइन स्वगणना प्रक्रिया पूरी होते ही पोर्टल से एक यूनिक SE (स्वगणना) आईडी जनरेट होगी। जिलाधिकारी ने लोगों से इस आईडी को सुरक्षित रखने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 1 दिसंबर से जब प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे, तब नागरिकों को यह आईडी दिखानी होगी। इससे प्रगणक को शेष सूचनाएं दर्ज करने में आसानी होगी और समय की भी बचत होगी। विकास योजनाओं का आधार बनेंगे जनगणना के आंकड़े अभियान के महत्व पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इससे पहले मई और जून में पहले चरण के तहत भवनों की गणना और मकानों का सूचीकरण किया गया था। अब प्राप्त होने वाले जनसंख्या के आंकड़े देश के विकास का रोडमैप और जनकल्याणकारी योजनाओं का आधार स्तंभ बनेंगे। उन्होंने जनपदवासियों से खुद स्वगणना करने के साथ-साथ अपने पड़ोसियों और रिश्तेदारों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)