रास्ता रोकने के विरोध में ग्रामीण को लाठी-डंडों से पीटा:पुलिस ने पीड़ित का ही शांति भंग में कर दिया चालान; SP से शिकायत
जालौन के कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम नरी में दीपावली के दिन रास्ते में डीजे खड़ा करने और मकान के सामने बालू डालकर रास्ता अवरुद्ध करने का विरोध करना एक ग्रामीण को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर गांव के ही तीन दबंगों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, जब पीड़ित शिकायत करने पुलिस के पास पहुंचा तो दबंगों ने अपना रसूख दिखाते हुए पीड़ित के खिलाफ ही शांति भंग की कार्रवाई कर उसका चालान करा दिया। इस घटना को लेकर पीड़ित ने सोमवार दोपहर 12 बजे एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की है और कार्रवाई की मांग की है। रास्ता साफ करने को कहा तो भड़क गए दबंग कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम नरी निवासी हमीद पुत्र बसीर खान ने एसपी सुरेश चंद्र रावत को दिए शिकायती प्रार्थना पत्र में बताया कि 8 नवंबर 2026 को शाम करीब छह बजे दीपावली के अवसर पर उसने गांव के अफरोज पुत्र छिद्दू से कहा था कि उसका डीजे अक्सर रास्ते में खड़ा रहता है और मकान के सामने बालू डाल रखी है। इससे आवागमन में काफी परेशानी होती है। हमीद ने जब डीजे और बालू हटाने के लिए कहा तो अफरोज नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर अफरोज ने अपने पुत्र सलमान और साकिर को भी मौके पर बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर हमीद को लाठी-डंडों से पीटा और धमकी दी कि वे डीजे नहीं हटाएंगे, जिसे जो करना हो कर ले। साथ ही पुलिस के पास शिकायत करने जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। चौकी में पुलिस के सामने दी धमकी, फिर भी नहीं हुई सुनवाई हमीद का आरोप है कि मारपीट की घटना के बाद उसने 8 नवंबर को ही पहाड़गांव चौकी में शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन चौकी प्रभारी ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित के मुताबिक, जब वह शिकायत लेकर चौकी पहुंचा था, उस समय आरोपी सलमान भी वहां मौजूद था। उसने पुलिसकर्मियों के सामने ही हमीद के साथ गाली-गलौज की और धमकी दी, लेकिन पुलिस ने उसे रोकने तक की जहमत नहीं उठाई। ग्राम प्रधान की मौजूदगी के बावजूद पीड़ित पर ही की कार्रवाई पीड़ित का कहना है कि चौकी में शिकायत करने के दौरान गांव के वर्तमान प्रधान भी उसके साथ मौजूद थे। इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उल्टा पीड़ित हमीद के खिलाफ ही धारा 170 BNSS के तहत शांति भंग की कार्रवाई कर दी। अब पीड़ित ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सीओ कोंच को पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)