आजमगढ़ में सड़क के किनारे मिली प्रॉपर्टी डीलर की बॉडी:परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, ब्लॉक प्रमुख सहित 6 नामजद सहित 7 के विरुद्ध दर्ज हुआ मुकदमा
आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा गांव के पास आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर बाइक पर एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। मृतक की पहचान बिजरवा गांव निवासी मुकेश यादव 35 पुत्र चंद्रभान यादव के रूप में हुई है। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। परिजनों ने भूमि विवाद को लेकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई अरविंद यादव ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से परिवार का काफी समय से भूमि विवाद चल रहा था। इस मामले के निस्तारण के लिए मुकेश ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी। मंगलवार की रात अरविंद अपने भाई मुकेश और शैलेश के साथ बिजरवा स्थित पुराने मकान पर बैठकर बातचीत कर रहे थे। कुछ देर बाद मुकेश बाइक से नए मकान के लिए निकले। आरोप है कि बिजरवा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास पहुंचते ही विपक्षियों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के दौरान मुकेश ने शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। राहगीरों से घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल मुकेश को आनन-फानन जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। ब्लॉक प्रमुख रमेश यादव और उनके भाई सहित 6 नामजद के विरुद्ध दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में मृतक के भाई अरविंद यादव ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर ब्लॉक प्रमुख रमेश यादव और उनके छोटे भाई सहित नामजद लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। जिन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। उनमें रवि सिंह, सोनू सिंह, हैप्पी सिंह, राजेश यादव, सुभाष यादव, रमेश चंद यादव और कुछ अज्ञात हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)