आपराधिक मुकदमों की जानकारी छिपाकर बनवाया चरित्र प्रमाण पत्र निरस्त:आजमगढ़ डीएम ने की कार्रवाई, टेंडर और ठेकेदारी के लिए दिए गए शपथ-पत्र में छिपाया था आपराधिक इतिहास
आजमगढ़ में टेंडर और ठेकेदारी के लिए आपराधिक मुकदमों की जानकारी छिपाकर चरित्र प्रमाण पत्र हासिल करने के मामले में आजमगढ़ जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस जांच में कई जनपदों में आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि के बाद जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सतपाल सिंह का चरित्र प्रमाण पत्र तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। नोटिस जारी किए जाने के बावजूद संबंधित व्यक्ति की ओर से कोई जवाब या साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया था। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के पखनपुर गांव निवासी सतपाल सिंह पुत्र गिरिश सिंह से जुड़ा है। सतपाल सिंह ने टेंडर और ठेकेदारी के कार्यों के लिए चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने हेतु आवेदन किया था। आवेदन के साथ दिए गए शपथ-पत्र में उसने अपने विरुद्ध किसी भी थाने में आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं होने और किसी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन नहीं होने की बात कही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की जांच आख्या में उसके विरुद्ध अलग-अलग जनपदों में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई। आरोपी पर दर्ज हैं मुकदमे
इनमें लखनऊ के चिनहट थाने में मुकदमा संख्या 236/2025, सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा संख्या 215/2025, बाराबंकी के सतरिख थाने में मुकदमा संख्या 173/2026 और आजमगढ़ के अहरौला थाने में मुकदमा संख्या 299/2026 शामिल हैं। पुलिस आख्या में आपराधिक मुकदमों की जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए 15 दिन का समय दिया था। इसके बावजूद निर्धारित समय में न तो कोई जवाब दाखिल किया गया और न ही अपने पक्ष में कोई साक्ष्य प्रस्तुत किया गया। मामले में शासनादेशों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने टेंडर और ठेकेदारी के लिए जारी चरित्र प्रमाण पत्र-2026 को निरस्त करने का आदेश दिया। आदेश में कहा गया है कि निरस्त प्रमाण पत्र का अब किसी भी प्रकार से उपयोग करना अवैध होगा। इसके आधार पर कोई देयता या दायित्व उत्पन्न होने पर उसकी वसूली संबंधित व्यक्ति से की जाएगी। साथ ही अधिकारियों को प्रमाण पत्र की मूल प्रति जब्त कर कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)