'तेजोमहालय' केस के पक्षकार को जान से मारने की धमकी:सुनवाई से एक रात पहले आया व्हाट्सएप मैसेज, वादी ने की शिकायत
ताजमहल-तेजोमहालय मामले में कोर्ट में सुनवाई से ठीक पहले मुकदमे के पक्षकार कुंवर अजय तोमर को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बुधवार रात योगी यूथ ब्रिगेड के कार्यालय के व्हाट्सएप नंबर पर एक व्यक्ति ने मैसेज भेजकर दो दिन के भीतर जान से मारने की धमकी दी। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम डांगर हुसैन बताते हुए खुद को नागालैंड का निवासी बताया है। आरोप है कि उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भी अभद्र टिप्पणी की। मामले में शिकायत दर्ज कराने के लिए अजय तोमर साइबर थाने पहुंचे, लेकिन उन्हें थाना शमशाबाद में शिकायत देने के लिए कहा गया। उन्होंने आगरा प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग की है। दो दिन में जान से मारने की धमकी देने का आरोप कुंवर अजय तोमर के मुताबिक, रात में संगठन के कार्यालय के व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने मैसेज भेजे। इनमें उन्हें दो दिन के भीतर जान से मारने की धमकी दी गई। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम डांगर हुसैन और खुद को नागालैंड का रहने वाला बताया। आरोप है कि चैट के दौरान उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए भी आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। साइबर थाने पहुंचे, शमशाबाद थाने जाने को कहा अजय तोमर का कहना है कि धमकी मिलने के बाद वह मुकदमा दर्ज कराने के लिए साइबर थाने पहुंचे थे। हालांकि, वहां से उन्हें थाना शमशाबाद में शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया। इसके बाद उन्होंने प्रशासन से मामले में कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पहले भी धमकियां मिलने का दावा अजय तोमर का कहना है कि उन्हें पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। वह योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष हैं और आगरा में ताजमहल-तेजोमहालय विवाद सहित कई धार्मिक और सामाजिक मुद्दों को लेकर सक्रिय हैं। 27 मस्जिदों और मजारों को लेकर भी दाखिल किया है वाद अजय तोमर ने आगरा में कथित अवैध मस्जिदों और मजारों के खिलाफ भी अदालत में वाद दाखिल किया है। उनके अनुसार, शहर की 27 मस्जिदों और मजारों को लेकर कार्रवाई की मांग की गई है। इसके अलावा लव जिहाद, धर्मांतरण और लैंड जिहाद जैसे मुद्दों पर भी वह लगातार अपनी बात रखते रहे हैं। आगरा कॉलेज के सामने एमजी रोड पर बनी मजार को हटाने के मामले में भी उनका नाम सामने आया था। फिलहाल धमकी मिलने के मामले में पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और आरोपी की पहचान की पुष्टि होना बाकी है। वहीं, ताजमहल-तेजोमहालय मामले की सुनवाई से पहले धमकी मिलने के आरोप के बाद अजय तोमर ने अपनी सुरक्षा को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)