'शास्त्री' BA समकक्ष, TGT फॉर्म में विकल्प नहीं:संपूर्णानंद के 2-3 हजार अभ्यर्थियों के आवेदन पर संकट, कुलपति ने शासन-आयोग को पत्र लिखा
शास्त्री की डिग्री BA के बराबर, आचार्य की डिग्री MA के समकक्ष है। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश की TGT भर्ती-2026 के ऑनलाइन आवेदन में शास्त्री डिग्रीधारियों के लिए अलग विकल्प नहीं दिया गया। इससे संस्कृत विषय के हजारों अभ्यर्थियों के आवेदन पर संकट खड़ा हो गया है। चार साल बाद निकली 17,735 पदों की भर्ती में संस्कृत के 1,289 पद हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी डिग्री स्नातक के समकक्ष होने के बावजूद उन्हें आवेदन का अवसर नहीं मिल रहा। मामला सामने आने के बाद संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने 2 नवंबर को माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव और उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष को अलग-अलग पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के डीन प्रो. शैलेश मिश्र ने कहा कि पिछले करीब पांच साल से विद्यार्थियों की मार्कशीट और अंकपत्र पर शास्त्री के सामने बीए और आचार्य के सामने एमए की लिखा जा रहा है। इसके बाद भी ये गतलियां बार बार आयोग से हो रही है। हर साल 12 हजार विद्यार्थी करते हैं शास्त्री संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से हर साल करीब 12 हजार विद्यार्थी शास्त्री तृतीय वर्ष की पढ़ाई पूरी करते हैं। इनमें से शिक्षक भर्ती के लिए जरूरी अन्य योग्यताएं पूरी करने वाले अभ्यर्थी भी हैं। विश्वविद्यालय के डीन प्रो. शैलेश मिश्र के मुताबिक, मौजूदा TGT भर्ती में विश्वविद्यालय के करीब 2 से 3 हजार विद्यार्थी आवेदन करने के इच्छुक हो सकते हैं। इसके अलावा काशी हिंदू विश्वविद्यालय का धर्म विज्ञान संकाय, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय और लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय शामिल हैं। ऐसे में आवेदन का विकल्प नहीं मिलने से केवल एक विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि पारंपरिक संस्कृत शिक्षा व्यवस्था से निकले अभ्यर्थियों के अवसर प्रभावित हो सकते हैं। 5 साल से मार्कशीट पर लिख रहे BA और MA के समकक्ष विश्वविद्यालय के डीन प्रो. शैलेश मिश्र ने बताया कि समकक्षता को लेकर विद्यार्थियों को बार-बार परेशानी उठानी पड़ रही है। विश्वविद्यालय करीब पांच साल से अपनी मार्कशीट और अंकपत्र पर शास्त्री के साथ BA और आचार्य के साथ MA लिख रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी डिग्री की समकक्षता समझाने और दूसरी संस्थाओं में आवेदन के दौरान होने वाली परेशानी से बचाना है। इसके बावजूद भर्ती और चयन परीक्षाओं के समय उनसे बार-बार यह साबित करने को कहा जाता है कि उनकी डिग्री स्नातक या परास्नातक के बराबर है। डीन के मुताबिक, संबंधित संस्थाओं के स्तर पर भ्रम की स्थिति पैदा होने से विद्यार्थियों को हर बार अपनी शैक्षणिक योग्यता साबित करनी पड़ती है। 1972 के आदेश में शास्त्री BA, आचार्य MA के बराबर डिग्री की समकक्षता के लिए विश्वविद्यालय ने पुराने सरकारी दस्तावेजों का भी हवाला दिया है। 18 जुलाई 1972 के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के आदेश में राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान की शास्त्री परीक्षा को BA और आचार्य परीक्षा को MA के समकक्ष सूचीबद्ध किया गया है। वहीं, कुलपति ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग के पूर्व आदेश का हवाला देते हुए बताया है कि आचार्य की डिग्री को MA के समकक्ष स्वीकार कर PGT संस्कृत पदों के लिए अर्ह माना गया है। विश्वविद्यालय का तर्क है कि जब आचार्य को स्नातकोत्तर के समकक्ष मानकर मान्यता दी गई है, तो शास्त्री को भी स्नातक के समकक्ष स्वीकार करते हुए TGT संस्कृत पद के लिए अर्ह माना जाना चाहिए। कुलपति ने दो विभागों को पत्र भेजकर मांगा समाधान विद्यार्थियों की समस्या को देखते हुए कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने 2 नवंबर को दो अलग-अलग पत्र भेजे हैं। पहला पत्र माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को भेजकर शास्त्री और आचार्य की समकक्षता के संबंध में स्पष्ट और एकीकृत शासनादेश जारी करने की मांग की गई। दूसरा पत्र उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष को भेजा गया है। इसमें TGT भर्ती विज्ञापन संख्या 07/2026 के ऑनलाइन आवेदन में शास्त्री डिग्री का विकल्प उपलब्ध कराने और आवश्यक संशोधन करने का अनुरोध किया गया है। कुलपति ने पत्र में लिखा है कि शास्त्री उपाधि को स्नातक और आचार्य को स्नातकोत्तर के समकक्ष स्वीकार करते हुए संस्कृत विषय के TGT और PGT पदों के लिए उनकी अर्हता स्पष्ट की जानी चाहिए। साथ ही भविष्य की शिक्षक भर्तियों में भी दोनों उपाधियों की समकक्षता का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। विश्वविद्यालय ने शासन से जल्द निर्णय लेने का अनुरोध किया है, ताकि योग्य अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन फॉर्म में विकल्प नहीं होने के कारण आवेदन के अवसर से वंचित न रह जाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)