आर्केस्ट्रा के दौरान किशोर पर चाकू से हमला:कुशीनगर में विवाद के बाद बरात में बवाल, दूल्हे समेत कई बराती घायल; 27 गाड़ियों में तोड़फोड़
कुशीनगर के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव में शुक्रवार रात आई बरात में आर्केस्ट्रा के दौरान विवाद के बाद जमकर बवाल हुआ। पहले एक 17 साल के किशोर पर चाकू से हमला हुआ। इसके बाद हमलावरों ने बरातियों को निशाना बनाया। लाठी-डंडों से मारपीट कर दूल्हे समेत कई बरातियों को घायल कर दिया और बरात में शामिल 27 वाहनों में तोड़फोड़ की। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। आर्केस्ट्रा देखने के दौरान हुआ विवाद विशुनपुरा ब्लॉक के जंगल सिसवा निवासी अजय यादव के घर से शुक्रवार रात पृथ्वीपुर गांव में बरात आई थी। बताया गया कि आर्केस्ट्रा देखने के दौरान दो युवकों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान पृथ्वीपुर निवासी बिट्टू आर्या (17) पुत्र संदीप आर्या के पेट में दाहिनी तरफ किसी नुकीले हथियार से हमला कर दिया गया। घायल बिट्टू को पहले स्थानीय सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चाकूबाजी के बाद बरातियों पर टूट पड़े युवक बताया जा रहा है कि चाकू से हमला करने वाला युवक बरात में शामिल था। इसकी जानकारी फैलने के बाद स्थानीय कुछ युवक आक्रोशित हो गए। उन्होंने बरातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और वाहनों में तोड़फोड़ की। हमलावरों की संख्या अधिक होने से बरात में अफरा-तफरी मच गई। दूल्हे को भी चोटें आईं। डॉक्टर का हाथ फटा, मोबाइल भी छीना बरात में शामिल डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मारपीट के दौरान लाठी लगने से उनके दाहिने हाथ का पंजा फट गया। पैर में भी चोट आई है। आरोप है कि हमलावर उनका मोबाइल भी छीन ले गए। दूल्हे के बड़े भाई अजय यादव ने बताया कि चाकूबाजी कब और कैसे हुई, इसकी जानकारी बरातियों को नहीं थी। अचानक कुछ लोगों ने हमला कर दिया। उन्होंने बरात में शामिल 27 वाहनों में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया।
तीन संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही जांच घटना के बाद बराती पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। विशुनपुरा थानाध्यक्ष शनि जावला ने बताया कि बरात में मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। गांव का एक युवक भी घायल हुआ है। दोनों पक्षों से मिली जानकारी के आधार पर जांच की जा रही है। तथ्यों के अनुसार आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)