आउटसोर्सिंग भर्ती की जांच करने पहुंची स्वास्थ्य निदेशालय की टीम:गोंडा में 69 पदों पर भर्ती के मामले में CMO-बाबुओं से कई घंटे पूछताछ
गोंडा में स्वास्थ्य विभाग की आउटसोर्सिंग भर्ती को लेकर शासन स्तर पर जांच शुरू हो गई है। शुक्रवार दोपहर स्वास्थ्य निदेशालय की टीम निदेशक स्वास्थ्य के नेतृत्व में CMO कार्यालय पहुंची। टीम ने CMO डॉ. संत लाल पटेल और कार्यालय के कुछ कर्मचारियों से बंद कमरे में कई घंटे तक पूछताछ की। मामला स्वीकृत पदों से अधिक भर्तियां किए जाने के आरोप से जुड़ा है। आरोप है कि गोंडा CMO कार्यालय ने आउटसोर्सिंग के माध्यम से स्वीकृत पदों से अधिक भर्तियां कर ली थीं, जबकि उतने पद स्वीकृत नहीं थे। इसी मामले की जांच के लिए शासन स्तर से टीम गठित की गई है। अचानक पहुंची टीम, कर्मचारियों को वापस बुलाया शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे निदेशक स्वास्थ्य के नेतृत्व में टीम अचानक CMO कार्यालय पहुंची। टीम के आने की सूचना मिलते ही CMO भी आनन-फानन में कार्यालय पहुंचे। बताया गया कि कार्यालय के कई कर्मचारियों को टीम के आने की पहले से जानकारी नहीं थी। जो कर्मचारी बाहर गए हुए थे, उन्हें भी तत्काल वापस बुलाया गया। टीम ने CMO डॉ. संत लाल पटेल और कार्यालय के कुछ बाबुओं से बंद कमरे में पूछताछ की। इस दौरान किसी अन्य व्यक्ति को CMO के कक्ष में जाने की अनुमति नहीं दी गई। कर्मचारियों से भी जरूरी जानकारी जुटाए जाने की चर्चा रही। जांच के बिंदुओं पर अधिकारी साधे रहे चुप्पी टीम किन बिंदुओं पर जांच कर रही है और पूछताछ का मुख्य विषय क्या है, इस बारे में अधिकारियों ने कोई जानकारी नहीं दी। माना जा रहा है कि नियुक्तियों से जुड़े मामले को शासन स्तर पर गंभीरता से लिया गया है और इसी सिलसिले में अधिकारियों से जवाब मांगा जा रहा है। फिलहाल अधिकारी पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। अब जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शासन स्तर से होने वाली आगे की कार्रवाई पर नजर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)