अधिवक्ता के भाई पर हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:गोंडा में चाकू और लाठी-डंडों से किया था हमला, 8 आरोपी फरार
गोंडा के नगर कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता शिवेंद्र मिश्रा के भाई सत्यम मिश्रा पर हमले के मामले में मुख्य आरोपी अमन ओझा को शनिवार शाम करीब 4 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में नामजद सुरेंद्र ओझा, देवेंद्र ओझा, अनिल ओझा और पांच अज्ञात आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं। चाय पीते समय लाठी-डंडों और चाकू से हमला घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे की है। अधिवक्ता शिवेंद्र मिश्रा के भाई सत्यम मिश्रा दीवानी कचहरी के गेट नंबर-2 के पास चाय पी रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान अमन ओझा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और सत्यम पर लाठी-डंडों, चाकू और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में कई चोटें आई हैं और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट बताई गई है। उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुराने मुकदमे में सुलह के लिए दबाव का आरोप अधिवक्ता शिवेंद्र मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में अमन ओझा, सुरेंद्र ओझा, देवेंद्र ओझा, अनिल ओझा और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि उन्होंने 28 अप्रैल 2026 को मारपीट के मामले में इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर 30 हजार रुपए की मांग करते हुए मुकदमे में सुलह करने का दबाव बना रहे थे। शिवेंद्र मिश्रा का आरोप है कि आरोपी उन्हें और उनके परिवार को आए दिन जान से मारने की धमकी भी देते थे। 17 सितंबर को भी हुआ था विवाद शिवेंद्र मिश्रा ने बताया कि 17 सितंबर को अधिवक्ताओं के जुलूस के दौरान भी अमन ओझा ने उनके साथ विवाद किया था। आरोप है कि उस समय उसने असलहा दिखाकर पैसे नहीं देने पर उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। अधिवक्ता का आरोप है कि इसी विवाद के बाद शुक्रवार को उनके भाई सत्यम पर हमला किया गया। हमलावर उन्हें गंभीर रूप से घायल करने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)