अमेरिका- थोड़ी देर में 5 टन विस्फोटक उड़ाने की तैयारी:160 किमी तक फैल सकती है धूल, डर के चलते घरों में कैद हुए लोग

Nov 25, 2026 - 17:56
0
अमेरिका- थोड़ी देर में 5 टन विस्फोटक उड़ाने की तैयारी:160 किमी तक फैल सकती है धूल, डर के चलते घरों में कैद हुए लोग
अमेरिका के आयोवा राज्य के मिडलटाउन शहर में लोग डरे हुए हैं। किसी ने घरों की खिड़कियां बंद कर दी हैं, तो कोई बच्चों को बाहर भेजने से बच रहा है। कुछ परिवार दूसरी जगह जाने की तैयारी कर रहे हैं। दरअसल, अमेरिकी सेना मिडलटाउन के पास अपने एक सैन्य ठिकाने पर रखे 4.4 टन जहरीले विस्फोटक को धमाके से नष्ट करने जा रही है। करीब 400 आबादी वाले इस शहर के लोगों को डर है कि धमाके के बाद जहरीली धूल उनके घरों तक पहुंच सकती है। सेना के मुताबिक, इससे निकलने वाली सीसे की जहरीली धूल हवा के साथ 160 किलोमीटर तक फैल सकती है। धमाका भारतीय समयानुसार आज रात 8:30 बजे किया जाएगा। दो बंकरों में रखे हैं जहरीले विस्फोटक के 68 ड्रम यह विस्फोटक आयोवा के मिडलटाउन स्थित आयोवा सैन्य गोला-बारूद फैक्ट्री में रखा है। इसे 68 ड्रमों में भरकर दो बंकरों में रखा गया है। यह लेड एजाइड नाम का केमिकल है, जिसका इस्तेमाल बम और दूसरे सैन्य हथियारों में विस्फोट शुरू करने के लिए किया जाता है। सेना को मार्च 2026 में जांच के दौरान पता चला कि यह केमिकल खराब हो चुका है। ड्रमों के बाहर और ढक्कनों पर सफेद क्रिस्टल जम गए हैं। यह केमिकल इतना खतरनाक हो गया है कि ड्रम को हिलाने, खोलने या क्रिस्टल को छूने से भी धमाका हो सकता है। धमाक से पहले लोगों को घरों में रहने की सलाह सेना ने लोगों को धमाके के समय घरों के अंदर रहने और खिड़कियां बंद रखने को कहा है। मोबाइल फोन पर भेजे गए अलर्ट में बताया गया कि सैन्य ठिकाने से 5 मील यानी करीब 8 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले कुछ लोगों को दूसरी जगह भेजा जा सकता है। वहीं, 20 मील यानी करीब 32 किलोमीटर तक के इलाके में लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और दिल, किडनी की बीमारी या डिमेंशिया से जूझ रहे लोगों को खास सावधानी बरतने को कहा गया है। सेना के अनुमान के मुताबिक, धमाके के बाद निकलने वाली धूल हवा के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा में फैल सकती है और उत्तरी मिसौरी तक पहुंच सकती है। हालांकि, धूल कितनी दूर जाएगी, यह हवा की दिशा और मौसम पर निर्भर करेगा। सीसा शरीर में पहुंचा तो नुकसान करेगा लेड एजाइड में मौजूद सीसा इंसानों के लिए जहरीला होता है। धमाके के बाद इसकी धूल सांस के जरिए शरीर में जा सकती है। यह धूल जमीन और दूसरी सतहों पर जमने के बाद छूने या गलती से निगलने से भी शरीर में पहुंच सकती है। अमेरिकी स्वास्थ्य एजेंसी CDC के मुताबिक, बच्चों के शरीर में सीसा पहुंचने से उनका शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है। इससे सीखने, सुनने, बोलने और व्यवहार से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इलिनॉय के स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. समीर वोहरा ने कहा कि शरीर में सीसे की कोई भी मात्रा सुरक्षित नहीं मानी जाती। यूनिवर्सिटी ऑफ आयोवा के पर्यावरण स्वास्थ्य विशेषज्ञ पैट्रिक ओ'शॉनेसी के मुताबिक, धूल बड़े इलाके में फैलने से किसी एक जगह इसकी मात्रा कम हो सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि खतरा खत्म हो जाएगा। केमिकल हटाने का दूसरा तरीका नहीं मिला सेना ने पहले इस केमिकल को दूसरे तरीके से खत्म करने की कोशिश की थी। इसके लिए एक निजी कंपनी को काम भी दिया गया, लेकिन सुरक्षा से जुड़े खतरे सामने आने के बाद करीब दो महीने में यह काम रोक दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, ड्रमों को खोलना या उन्हें दूसरी जगह ले जाना भी खतरनाक है। इसलिए सेना ने नियंत्रित धमाके को सबसे कम जोखिम वाला तरीका बताया है। सेना के अधिकारी कर्नल आरोन टेलर ने कहा कि ड्रमों के ढक्कन तक नहीं खोले जा सकते लोगों की मदद के लिए 300 से ज्यादा कर्मचारी तैनात अमेरिकी पर्यावरण एजेंसी EPA के 300 से ज्यादा कर्मचारी मौके पर निगरानी करेंगे। धमाके से पहले मिट्टी, पानी, हवा और धूल के 1,200 से ज्यादा नमूने लिए जा चुके हैं। धमाके के बाद भी प्रदूषण की जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर सफाई कराई जाएगी। FEMA प्रभावित इलाकों के लोगों को जरूरत पड़ने पर दूसरी जगह भेजने में मदद करेगी। इसमें आने-जाने का इंतजाम, रहने की जगह और खाना शामिल है। आयोवा की गवर्नर किम रेनॉल्ड्स ने तीन काउंटियों में आपातकाल घोषित किया है। राज्य की नेशनल गार्ड के 100 तक जवान भी लोगों की सुरक्षा और मदद के लिए तैनात किए जाएंगे। धमाका करने के लिए कोर्ट से सेना को मिली मंजूरी इस विस्फोट को पहले शुक्रवार को किया जाना था, लेकिन विरोध और कानूनी अड़चनों के कारण इसे टालना पड़ा। पर्यावरण संगठनों ने आशंका जताई थी कि धमाके से जहरीली धूल हवा और पानी को प्रदूषित कर सकती है। उन्होंने इसे रोकने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने भी कोर्ट का फैसला आने और राज्य के नवनिर्वाचित गवर्नर रॉब सैंड की मंजूरी मिलने तक सेना को रुकने का आदेश दिया था। हालांकि, सोमवार को अमेरिकी अपील कोर्ट के तीन जजों की बेंच ने सेना को धमाके की तैयारी आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी। आयोवा के नवनिर्वाचित सीनेटर जोश ट्यूरेक ने कहा कि विस्फोटक को इस हालत तक पहुंचने ही नहीं देना चाहिए था। उन्होंने इस मामले में सेना और प्रशासन की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User