अलीगढ़ में कल्याण सिंह परिवार की सियासी ताकत दिखी:संदीप-सौरभ की सगाई में CM योगी समेत 24 मंत्री, 200 विधायक पहुंचे
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के परिवार की राजनीतिक ताकत, पुराने रिश्तों और व्यापक संपर्कों की झलक एक बार फिर 14 नवंबर को तालानगरी में देखने को मिली। पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू भैया के बेटों संदीप सिंह और सौरभ सिंह वर्मा की सगाई का आयोजन पारिवारिक समारोह से कहीं बड़ा नजर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कल्याण सिंह के जमाने के राजनीतिक साथियों तक की मौजूदगी रही। कई ऐसे चेहरे भी समारोह में दिखाई दिए, जिनके परिवार से दशकों पुराने राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध रहे हैं। अलीगढ़ ही नहीं, आसपास के जिलों और प्रदेश के दूसरे हिस्सों से भी नेता और पदाधिकारी सुबह से शाम तक पहुंचते रहे। इस जमावड़े ने एक बार फिर दिखाया कि कल्याण सिंह के समय बने रिश्ते और राजनीतिक संपर्क आज भी परिवार के साथ जुड़े हुए हैं। करीब दो दर्जन मंत्री, 200 से अधिक विधायकों का जिक्र समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल दिनेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत करीब दो दर्जन मंत्रियों और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। राजवीर सिंह राजू भैया ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में 200 से अधिक विधायकों के समारोह में शामिल होने का जिक्र करते हुए सभी का आभार जताया। अलीगढ़ और आसपास के जिलों के विधायकों, भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं की लगातार आवाजाही भी रही। कल्याण सिंह के दौर के रिश्तों की भी दिखी झलक आयोजन की खास बात सिर्फ मौजूदा सरकार के मंत्रियों और विधायकों की मौजूदगी नहीं रही, बल्कि कल्याण सिंह के राजनीतिक दौर में उनसे जुड़े रहे पुराने साथी और संबंधों वाले चेहरे भी दिखाई दिए। कल्याण सिंह ने अपने लंबे राजनीतिक सफर में प्रदेशभर में जो संपर्क और संबंध बनाए थे, उनकी झलक परिवार के इस आयोजन में नजर आई। पुराने राजनीतिक सहयोगियों से लेकर वर्तमान भाजपा नेतृत्व और जनप्रतिनिधियों तक की मौजूदगी ने परिवार के राजनीतिक दायरे को सामने रखा। इससे यह भी चर्चा रही कि कल्याण सिंह के समय बने रिश्ते अगली पीढ़ी के साथ भी कायम हैं। समारोह में पुराने और नए राजनीतिक चेहरों का एक साथ जुटना इसी की तस्वीर पेश कर रहा था। परिवार की राजनीतिक विरासत और मौजूदा जिम्मेदारियां कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रमुख चेहरों में रहे हैं। उनके परिवार की राजनीतिक सक्रियता भी लगातार बनी हुई है। संदीप सिंह अतरौली से विधायक और प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। राजवीर सिंह राजू भैया सांसद रह चुके हैं। ऐसे में दोनों बेटों का सगाई समारोह परिवार के राजनीतिक और सामाजिक संपर्कों को एक मंच पर देखने का अवसर भी बना। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भी आयोजन में जुटे राजनीतिक चेहरों को लेकर चर्चाएं होती रहीं। बेटी की शादी के बाद बेटों की सगाई का दूसरा बड़ा आयोजन राजवीर सिंह राजू भैया इससे पहले बेटी पूर्णिमा सिंह की शादी का भव्य आयोजन कर चुके हैं। उस समय भी समारोह जिले के बड़े आयोजनों में शामिल रहा था। अब दोनों बेटों की सगाई के इंतजामों ने एक बार फिर उस आयोजन की याद ताजा कर दी। विशाल पंडाल, मेहमानों की आवाजाही, खानपान की व्यापक व्यवस्था और कैलाश खेर की संगीतमय प्रस्तुति समारोह के खास आकर्षण रहे। तस्वीरें साझा कर राजू भैया ने जताया आभार समारोह के बाद राजवीर सिंह राजू ने सोशल मीडिया पर आयोजन की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपराज्यपाल दिनेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश के मंत्रियों, 200 से अधिक विधायकों और अन्य अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि प्रभु श्रीराम और स्वर्गीय कल्याण सिंह बाबूजी के आशीर्वाद से दोनों बेटों का सगाई समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। सभी अतिथियों ने पहुंचकर बेटों को स्नेह और आशीर्वाद दिया। कैलाश खेर की प्रस्तुति के लिए भी उन्होंने विशेष धन्यवाद दिया। तस्वीरों में देखिए आयोजन की भव्यता राजू भैया की ओर से साझा तस्वीरों में समारोह की भव्यता, मेहमानों की भीड़, अलीगढ़ और आसपास के जिलों के नेताओं की आवाजाही और वीवीआईपी अतिथियों के स्वागत की झलकियां नजर आईं। परिवार के साथ मुलाकातों और कैलाश खेर की संगीतमय प्रस्तुति की तस्वीरें भी साझा की गईं। तस्वीरें पारिवारिक उल्लास के साथ-साथ कल्याण सिंह परिवार के पुराने राजनीतिक रिश्तों और मौजूदा संपर्कों के एक मंच पर जुटने की कहानी भी बयां कर रही हैं। 12 घंटे तक जुटती रही भीड़, सब कुछ सामान्य समारोह में सुबह करीब 9:30 बजे से मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ, जो रात 9:30 से 10 बजे तक जारी रहा। इतने बड़े आयोजन और दिनभर हजारों लोगों की आवाजाही के बावजूद पूरे समय माहौल सामान्य बना रहा। कहीं कोई विवाद, झगड़ा या ऐसी स्थिति नहीं बनी, जिससे आयोजन में व्यवधान पैदा होता। पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए थे। राजवीर सिंह राजू भैया ने इसके लिए पुलिस-प्रशासन का विशेष आभार जताया। मेन गेट पर दादिया सास और परिजनों को पुलिस ने रोका
संदीप सिंह की सगाई में ससुराल पक्ष से पहुंचीं उनकी दादिया सास और परिजनों को मेन गेट पर अलीगढ़ पुलिस रोकती नजर आई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से पहले रोका। इस दौरान कुछ देर के लिए गेट पर हलचल दिखाई दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)