मऊ में युवक का 6 हजार का चालान:पुलिसकर्मियों की बुलेट पर नंबर प्लेट नहीं, मेले में पुलिस पर अभद्रता का आरोप
मऊ के दोहरीघाट में कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान एक युवक का 6 हजार रुपए का चालान काटा गया। चालान में नंबर प्लेट में गड़बड़ी और बिना हेलमेट बाइक चलाने के उल्लंघन दर्ज हैं। युवक ने हेलमेट पहने होने और नंबर प्लेट पर मामूली स्क्रैच होने का दावा किया है। युवक की ओर से जारी वीडियो में पुलिसकर्मियों की बुलेट पर आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं दिख रही है। वीडियो में पुलिसकर्मी बिना हेलमेट भी नजर आ रहे हैं। घोसी थाना क्षेत्र के सरफुपुर निवासी अविनाश चौहान के मुताबिक, वह मंगलवार को अपने मित्र राकेश के साथ पल्सर बाइक से दोहरीघाट में सरयू नदी में स्नान करने जा रहा था। रास्ते में मेले की भीड़ के बीच बुलेट सवार दो पुलिसकर्मी मोबाइल पर बात कर रहे थे। अविनाश का आरोप है कि रास्ता देने के लिए कहने पर पुलिसकर्मी नाराज हो गए। एक पुलिसकर्मी ने उनका कॉलर पकड़कर बाइक से नीचे उतारा और अभद्रता की। युवक के मुताबिक, सभी कागजात दिखाने के बावजूद उसका चालान काट दिया गया। चालान की प्रति के अनुसार, 24 नवंबर को दोपहर 12:14 बजे 6 हजार रुपए का चालान दर्ज किया गया। इसमें फॉल्टी नंबर प्लेट के लिए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 192 और बिना हेलमेट के लिए धारा 194D का जिक्र है। अविनाश का कहना है कि वह हेलमेट पहने था और बाइक पर दो लोग ही सवार थे। नंबर प्लेट पर एक अंक के ऊपर हल्का स्क्रैच था, लेकिन पूरा नंबर पढ़ा जा सकता था। सीओ घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि मेले में भीड़ के कारण सुरक्षा के लिए तय इलाके में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित था। उनके मुताबिक, युवक प्रतिबंधित इलाके में बाइक लेकर जा रहा था, इसलिए नियम के अनुसार कार्रवाई की गई। तिवारी ने कहा कि पुलिसकर्मी के व्यवहार से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर जरूरी कार्रवाई होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)