बरेली में कार-ट्रक से टक्कर, तीन घायल:दिल्ली एम्स से शव लेकर लौट रहा था परिवार, चालक मौके से फरार
बरेली में मंगलवार शाम शंखा मोड़ के पास हाईवे पर ट्रक और कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। इनमें प्रियंका, रमा देवी और प्रेम सागर शामिल हैं। तीनों दिल्ली एम्स से प्रियंका के पति का शव लेकर हरदोई स्थित अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नवोदय अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, ट्रक चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, हरदोई जिले के शाहाबाद निवासी प्रेम सागर अपनी पत्नी रमा देवी और परिवार की प्रियंका के साथ कार से गांव लौट रहे थे। प्रियंका के पति का दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया था। परिजन उनका शव लेकर दिल्ली से रवाना हुए थे। मंगलवार शाम उनकी कार बरेली में शंखा मोड़ के पास पहुंची। इसी दौरान एनए कट की ओर से हाईवे पर आ रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर से कार क्षतिग्रस्त, तीनों को अस्पताल पहुंचाया ट्रक की टक्कर इतनी तेज थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस की मदद से नवोदय अस्पताल पहुंचाया। वहां तीनों का इलाज कराया गया। क्रेन से हटवाई कार, कुछ देर लगा रहा जाम हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दुर्घटनाग्रस्त कार हाईवे पर खड़ी होने से यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई और कुछ समय तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)