लखनऊ के जैन मंदिर में गर्भ कल्याणक:आशियाना महोत्सव के दूसरे दिन हुई गोद भराई, सजी नाभिराय की झांकी

Nov 12, 2026 - 18:13
0
लखनऊ के जैन मंदिर में गर्भ कल्याणक:आशियाना महोत्सव के दूसरे दिन हुई गोद भराई, सजी नाभिराय की झांकी
लखनऊ में आशियाना स्थित दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित श्री आदिनाथ चौबीसी मानस्तंभ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को गर्भ कल्याणक महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ की प्राण प्रतिष्ठा में माता-पिता की भूमिका निभा रहे पात्रों की विधि-विधान से गोद भराई की। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे यज्ञमंडल विधान के साथ हुई। दोपहर 3:30 बजे माता की गोद भराई और महिला संगीत का आयोजन किया गया। शाम 4 बजे पूज्य उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर जी महाराज की देशना हुई। रात 7:30 बजे भगवान आदिनाथ के जन्म से पहले महाराजा नाभिराय के दरबार की झांकी सजाई गई। इसमें महाराजा नाभिराय का दरबार, माता के सोलह स्वप्नों का मंचन और 56 कुमारियों की ओर से महाराजा को भेंट समर्पित करने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। साथ ही स्वप्नों का फल बताने की धार्मिक परंपरा का चित्रण किया गया। इस अवसर पर उपाध्याय श्री ने महिलाओं को भ्रूण हत्या न करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए महोत्सव के लिए मंगलकामना की। मीडिया प्रभारी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि शुक्रवार, 13 नवंबर को सुबह 8:15 बजे भगवान आदिनाथ का जन्म कल्याणक मनाया जाएगा। इसके बाद सुबह 10 बजे सौधर्म इंद्र सभा आयोजित होगी। तीर्थंकर बालक को ऐरावत हाथी पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली जाएगी और 1008 कलशों से अभिषेक किया जाएगा। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम में रूपेश जैन प्रस्तुति देंगे। समस्त धार्मिक अनुष्ठान प्रतिष्ठाचार्य पंडित आशीष शास्त्री और पंडित अभिषेक शास्त्री के निर्देशन में संपन्न कराए जा रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User