16 नवंबर से शुरू होगी जनगणना:मथुरा में दूसरे चरण के लिए 6524 कर्मियों की लगाई ड्यूटी, दिसम्बर में घर घर पहुंचेंगे प्रगणक
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जनगणना-2027 तथा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया । बैठक में नगर आयुक्त ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, जिला विकास अधिकारी श्रीमती गरिमा खरे, डिप्टी कलेक्टर और प्रभारी अधिकारी जनगणना अश्वनी कुमार, राज्य मास्टर ट्रेनर बलवीर सिंह वर्मा एवं गिरिश कौशिक, जिला जनगणना सहायक कपिल यादुवंशी, जनगणना तकनीकी सहायक अंकुर सक्सेना, तकनीकी सहायक राम सैनी उपस्थित रहे। प्रथम चरण के अनुसार 31 लाख थी मथुरा की जनसंख्या जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम चरण मकान सूचीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। जिसमें स्व-गणना का कार्य 7 मई से 21 मई 2026 तक तथा घर-घर जाकर गणना का कार्य दिनांक 22 मई से 20 जून 2026 तक किया गया था। प्रथम चरण के दौरान मथुरा मे प्रगणक एवं पर्यवेक्षक की संख्या 6078 थी तथा प्रथम चरण के दौरान मथुरा की कुल अनुमानित जनसंख्या लगभग 31 लाख थी। यह रहेगी प्रक्रिया जिलाधिकारी ने बताया कि द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना का कार्य किया जायेगा। स्व-गणना (Self Enumeration) 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक, घर-घर जाकर गणना 1 दिसम्बर से 04 जनवरी 2027 तक, बेघर जनसंख्या की गणना दिनांक 4 जनवरी 2027 की रात्रि, संदर्भ समय 5 जनवरी 2027 00:00 बजे तथा पुनरीक्षण दौर दिनांक 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। मथुरा में कुल चार्जों की संख्या 24, ब्लॉकों की संख्या 6054, प्रगणक 5605, पर्यवेक्षक 919, कुल प्रगणक एवं पर्यवेक्षक 6524, मास्टर ट्रेनर 4 तथा कुल फील्ड ट्रेनर 98 है। जनगणना का महत्व और डिजिटल स्वरूप 16वीं जनगणना जनगणना 2027 देश की 16वीं और आजादी के बाद 8वीं जनगणना है। पूर्णतः डिजिटल पहली बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत मोबाइल ऐप के माध्यम से आंकड़े एकत्रित किए जाएंगे एवं आमजन की सुविधा हेतु स्व गणना पोर्टल se.census.gov.in विकसित किया गया है जिसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने परिवार की जानकारी सीधे पोर्टल के माध्यम से दर्ज कर सकते हैं। विकास का आधार यह केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसके आंकड़ों का उपयोग भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के आवंटन और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्धारण में किया जाएगा। स्वगणना की प्रक्रिया आम जन पोर्टल पर जाकर अपने परिवार के सदस्यों का विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। ऑनलाइन जानकारी भरने के बाद एक एसई आईडी (SE ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। जब प्रगणक घर आएंगे, तो सत्यापन के लिए यह आईडी उन्हें दिखानी होगी। जो परिवार ऑनलाइन जानकारी नहीं भर पाएंगे, उनकी गणना प्रगणक घर जाकर करेंगे। प्रश्नावली के मुख्य बिंदु जनसंख्या गणना में प्रत्येक व्यक्ति को शामिल किया जाएगा और कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें नाम, आयु, लिंग, जन्मतिथि, जन्मस्थान, वैवाहिक स्थिति, मुखिया स संबंध, धर्म, जाति, भाषाएं, साक्षरता एवं डिजिटल साक्षरता, आर्थिक गतिविधि, प्रवासन (Migration), दिव्यांगता, प्रजननता और बैंकिंग सुविधाओं तक पहुंच जैसे सवाल शामिल हैं। गोपनीयता, सुरक्षा और साइबर सतर्कता कानूनी सुरक्षा जनगणना अधिनियम 1948 के तहत हर व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रखी जाएगी। लोग प्रगणकों को सही और पूरी जानकारी दें, लेकिन किसी भी व्यक्ति को बैंकिंग पासवर्ड, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी (OTP) जैसी गोपनीय जानकारी बिल्कुल न दें। जनगणना की सफलता और शत-प्रतिशत गणना सुनिश्चित करने के लिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है। DM ने मीडिया प्रतिनिधियों से अनुरोध करते हुए कहा कि जनगणना कार्यक्रम और स्वगणना की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें। किसी भी सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1855 और व्हाट्सएप नंबर 18001801855 का उपयोग किया जा सकता है। जनगणना सेल मथुरा कलेक्ट्रेट हेल्पलादन नंबर 0565-2970113 एवं फेसबुक पेज लिंक https://www.facebook.com/Census2027Mathura पर संपर्क किया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)