AMU छात्रसंघ चुनाव आज, 8 साल बाद वोटिंग:24822 छात्र, 145 प्रत्याशी मैदान में; 8 घंटे वोटिंग और रात में नतीजे आएंगे
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में आठ साल का इंतजार खत्म होने जा रहा है। कैंपस में सुबह 9 बजे से छात्रसंघ चुनाव के लिए वोटिंग शुरू होगी। मुख्य छात्रसंघ और वीमेंस कॉलेज के कुल 24,822 मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। आखिरी बार 2018-19 में चुनाव हुए थे। इसके बाद सीएए-एनआरसी आंदोलन और कोरोना महामारी के चलते चुनाव नहीं हो सके। इस बार डक पॉइंट पर 19 दिन तक चले आंदोलन के बाद छात्रसंघ की बहाली का रास्ता साफ हुआ। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव समेत विभिन्न पदों पर कुल 145 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के बाद शाम 7 बजे से मतगणना शुरू होगी। अध्यक्ष पद पर बिहार के चार दावेदार, पश्चिमी यूपी से सीधी टक्कर अध्यक्ष पद का मुकाबला इस बार सबसे दिलचस्प माना जा रहा है। चुनाव में बिहार और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की लॉबियों के बीच समर्थन जुटाने की जोरआजमाइश है। बिहार से चार प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में एक तरफ बिहार के दावेदारों के बीच समर्थन का बंटवारा रोकने और आपसी समीकरण बनाने की कोशिश है, तो दूसरी तरफ पश्चिमी यूपी की लॉबी अपने वोट एकजुट रखने में जुटी है। बिहार के प्रत्याशियों की नजर पश्चिमी यूपी के मतदाताओं पर भी है। वहीं, पश्चिमी यूपी के उम्मीदवार दूसरे क्षेत्रों के छात्रों का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों खेमों के सामने अपने क्षेत्रीय वोट बैंक को बचाने के साथ दूसरे क्षेत्रों में सेंध लगाने की चुनौती है। दूसरे समूहों से मिलने वाला समर्थन भी नतीजों को प्रभावित कर सकता है। सचिव पद पर आजमगढ़ के प्रत्याशी को पूर्वांचल का समर्थन सचिव पद पर तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। इसमें आजमगढ़ के प्रत्याशी के साथ पूर्वांचल के छात्रों का समर्थन दिखाई दे रहा है। उनके समर्थक अब बिहार और पश्चिमी यूपी में भी अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। दूसरी तरफ पश्चिमी यूपी के प्रत्याशी बिहार लॉबी का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इस पद पर क्षेत्रीय समीकरण अहम हो गए हैं। तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबले में दूसरे क्षेत्रों से मिलने वाला समर्थन निर्णायक भूमिका निभा सकता है। उपाध्यक्ष पद पर सात दावेदार, पूर्वांचल-पश्चिम यूपी में जोरआजमाइश उपाध्यक्ष पद पर सात प्रत्याशी मैदान में हैं। यहां भी पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी की लॉबियां अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में समर्थन जुटाने में लगी हैं। प्रत्याशी अपने क्षेत्रीय समीकरण मजबूत करने के साथ दूसरे खेमों के वोट हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। तीनों प्रमुख पदों पर अलग-अलग क्षेत्रों की सक्रियता ने चुनाव को बहुकोणीय बना दिया है। हिंदू वोटरों पर भी नजर, कोर्ट मेंबर के चुनाव में अहम भूमिका इस बार चुनावी समीकरण में हिंदू मतदाताओं का एक खेमा भी चर्चा में है। छात्रसंघ के प्रमुख पदों के प्रत्याशियों के समर्थक इस वर्ग के वोटरों को अपने पक्ष में जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। एएमयू कोर्ट मेंबर के चुनाव में भी हिंदू छात्र प्रत्याशी मैदान में हैं। ऐसे में इस वर्ग का समर्थन किस उम्मीदवार को मिलता है, इस पर अलग-अलग खेमों की नजर है। हालांकि, क्षेत्रीय और अन्य समूहों का वास्तविक समर्थन मतदान के बाद ही स्पष्ट होगा। 13 मतदान स्थलों पर मुख्य छात्रसंघ का चुनाव, वीमेंस कॉलेज में अलग व्यवस्था मुख्य छात्रसंघ के लिए 13 मतदान स्थल बनाए गए हैं। वहीं, वीमेंस कॉलेज की छात्राएं अपने कॉलेज परिसर में ही मतदान करेंगी। मुख्य छात्रसंघ के 20,742 और वीमेंस कॉलेज के 4,080 मतदाता हैं। इस तरह कुल 24,822 छात्र अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। दोपहर 1 से 2 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कैबिनेट और एएमयू कोर्ट सदस्य पदों के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र इस्तेमाल किए जाएंगे। 70 मतपेटियां, 60 सदस्यीय कोर कमेटी संभालेगी जिम्मेदारी चुनाव के लिए 70 मतपेटियों की व्यवस्था की गई है। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 60 सदस्यीय कोर कमेटी गठित की गई है। इसके सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. जावेद तालिब के नेतृत्व में निर्वाचन कार्यालय की टीम ने बुधवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया। मतपेटियों, मतपत्रों, मतदानकर्मियों की ड्यूटी और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन पुलिस की भी मदद लेगा। शाम 7 बजे एबीके यूनियन स्कूल में शुरू होगी मतगणना मतदान समाप्त होने के दो घंटे बाद शाम 7 बजे से मतगणना शुरू होगी। इसके लिए यूनियन हॉल के पास स्थित एबीके यूनियन स्कूल को केंद्र बनाया गया है। कैंपस के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी रखी जाएगी, ताकि मतदान और मतगणना के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)