हापुड़ में 32,612 अपात्र राशन कार्डधारियों के नाम हटाए:नवंबर से नहीं मिलेगा अनाज, जांच में मृतक, सरकारी कर्मचारी और अधिक आय वाले भी मिले
हापुड़ में जांच के बाद 32,612 अपात्र लाभार्थियों के नाम राशन कार्डों से हटा दिए गए हैं। इन लोगों को नवंबर से सरकारी राशन नहीं मिलेगा। सूची में आयकरदाता, सरकारी कर्मचारी, वाहन मालिक, अधिक आय वाले परिवार और लंबे समय से अनाज नहीं लेने वाले कार्डधारी शामिल हैं। पढ़िए पूरा मामला जिले में करीब 9.5 लाख लोगों को हर महीने खाद्यान्न दिया जा रहा है। पिछले महीने शासन ने लाभार्थियों के दस्तावेजों और अलग-अलग विभागों के आंकड़ों का मिलान कराया। राइटफुल टारगेटिंग डैशबोर्ड 2.0 (आरटी वी-2) के डाटा के आधार पर अपात्र लोगों की पहचान की गई। जांच में 5,483 मृत लाभार्थियों के नाम मिले। इनमें से 4,883 लोग पिछले महीने तक राशन ले रहे थे। छह से 12 महीने तक अनाज नहीं लेने वाले 3,568 और एक साल से अधिक समय से राशन नहीं लेने वाले 9,285 कार्डधारी भी चिह्नित किए गए। दूसरे राज्यों में डुप्लीकेट राशन कार्ड के 401 मामले मिले। सरकारी कर्मचारी भी ले रहे थे लाभ कार्रवाई में डाक विभाग के 25, रेलवे के 2,097 और पीएफएमएस के 83 केंद्रीय कर्मचारियों के नाम हटाए गए। आयकर विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, छह लाख रुपए से अधिक आय वाले 3,880, तीन लाख रुपए से अधिक कमाने वाले 106 और दो लाख रुपए से अधिक सालाना आय वाले 81 लोग अपात्र मिले। इसके अलावा 25 लाख रुपये से अधिक टर्नओवर वाले 796 जीएसटी पंजीकृत कारोबारी चिह्नित किए गए। हल्के मोटर वाहन रखने वाले 1,683 और पीएम किसान योजना के तहत 7.5 एकड़ से अधिक जमीन वाले 2,767 लाभार्थियों के नाम भी सूची से हटाए गए। जांच के बाद पात्र का जोड़ा जाएगा नाम जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा बालियान ने बताया कि शासन स्तर से विभिन्न विभागों के आंकड़ों के आधार पर जांच कराई गई है। अपात्र पाए गए 32 हजार से अधिक लोगों को नवंबर से राशन नहीं मिलेगा। किसी लाभार्थी को अपनी पात्रता पर संदेह है तो वह संबंधित दस्तावेज जमा करा सकता है। जांच में योग्य पाए जाने पर नाम दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)