AMU छात्रसंघ चुनाव: कल से नामांकन, बनेंगे सियासी समीकरण:चार पदों के लिए अलग-अलग काउंटर, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक दाखिल होंगे पर्चे; अंतिम मतदाता सूची जारी

Oct 28, 2026 - 17:45
0
AMU छात्रसंघ चुनाव: कल से नामांकन, बनेंगे सियासी समीकरण:चार पदों के लिए अलग-अलग काउंटर, सुबह 10 से शाम 5 बजे तक दाखिल होंगे पर्चे; अंतिम मतदाता सूची जारी
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में छात्रसंघ चुनाव का मुकाबला अब अगले दौर में पहुंच गया है। गुरुवार को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मानद सचिव और कैबिनेट पदों के लिए नामांकन होंगे। इसके लिए यूनियन हॉल में चार अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं, जबकि कोर्ट सदस्यों के नामांकन के लिए भी चार काउंटरों की व्यवस्था की गई है। नामांकन की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगी। बुधवार को दिनभर प्रत्याशी नामांकन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे रहे। कोई अपनी उपस्थिति का रिकॉर्ड खंगालता रहा तो कोई नामांकन पत्र में संभावित त्रुटियों को दूर करने के लिए विभागों और पुराने छात्र नेताओं से जानकारी लेता नजर आया। कैंपस में चुनावी सरगर्मी भी तेज हो गई है। दावेदारों की रैलियों, जुलूसों, सभाओं और नुक्कड़ बैठकों के साथ हॉस्टल और हॉल में जनसंपर्क का दौर जारी है। बुधवार को डीएसडब्ल्यू कार्यालय, विभिन्न विभागों और यूनियन हॉल में छात्र जुटे रहे। नामांकन से पहले किसी भी तरह की कमी न रह जाए, इसे लेकर प्रत्याशियों में खास सतर्कता दिखाई दी। दूसरी ओर, अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद फैकल्टीवार वोटरों की संख्या का आकलन भी चलता रहा। कुल मतदाताओं के साथ छात्र-छात्राओं की संख्या और फैकल्टीवार आंकड़ों पर देर रात तक तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक कोर्ट सदस्यों के नामांकन मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. जावेद तालिब की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, सबसे पहले एएमयू कोर्ट के स्टूडेंट्स रिप्रेजेंटेटिव्स के लिए नामांकन होंगे। इसके लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। सोशल साइंस, लाइफ साइंस और लॉ फैकल्टी के उम्मीदवार काउंटर नंबर-1 पर नामांकन दाखिल करेंगे। इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट स्टडीज एंड रिसर्च, इंटरनेशनल स्टडीज, एग्रीकल्चरल साइंस और थियोलॉजी के उम्मीदवारों के लिए काउंटर नंबर-2 तय किया गया है। यूनानी मेडिसिन और मेडिसिन फैकल्टी के उम्मीदवार काउंटर नंबर-3 पर पर्चा दाखिल करेंगे। वहीं, आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस फैकल्टी के उम्मीदवारों के लिए काउंटर नंबर-4 की व्यवस्था की गई है। सभी काउंटर स्टूडेंट्स यूनियन हॉल में बनाए गए हैं। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक छात्रसंघ के पदों पर नामांकन कोर्ट सदस्यों की नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर 2 बजे से एएमयू छात्रसंघ के पदों के लिए पर्चे दाखिल किए जाएंगे। अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों को काउंटर नंबर-1, उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों को काउंटर नंबर-2 और मानद सचिव पद के उम्मीदवारों को काउंटर नंबर-3 पर पहुंचना होगा। कैबिनेट पद के उम्मीदवार काउंटर नंबर-4 पर नामांकन दाखिल करेंगे। इस तरह छात्रसंघ और कोर्ट सदस्यों के नामांकन के लिए अलग-अलग समय और काउंटर निर्धारित किए गए हैं। अंतिम मतदाता सूची जारी, आंकड़ों पर निगाहें चुनाव की तैयारियों के बीच बुधवार को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई। इसके बाद फैकल्टीवार मतदाताओं की संख्या जोड़ने और कुल वोटरों का आंकड़ा स्पष्ट करने की कवायद चलती रही। छात्र यह जानने के लिए भी उत्सुक रहे कि किस फैकल्टी में कितने मतदाता हैं और कुल वोटरों में छात्राओं तथा छात्रों की संख्या कितनी है। इन आंकड़ों के सार्वजनिक होने के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी। नामांकन से पहले पात्रता और दस्तावेजों पर जोर नामांकन दाखिल करने से पहले प्रत्याशी अपनी पात्रता और जरूरी औपचारिकताओं को लेकर भी सतर्क नजर आए। छात्र अपनी अटेंडेंस, विभागीय रिकॉर्ड और नामांकन पत्र में दर्ज विवरण की जांच कराते रहे, ताकि अंतिम समय में कोई कमी सामने न आए। चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे दावेदारों के लिए गुरुवार का दिन अहम होगा। नामांकन के साथ ही यह भी स्पष्ट होने लगेगा कि अध्यक्ष समेत अन्य प्रमुख पदों पर कौन-कौन मैदान में उतर रहा है और मुकाबले में कितने प्रत्याशी आमने-सामने होंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User