अंबेडकरनगर में इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी की मौत:दुकान के अंदर पंखे से लटका मिला शव, मौत की वजह का नहीं हुआ खुलासा
अंबेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के दहिरपुर में शुक्रवार सुबह इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी का शव उसकी दुकान के अंदर पंखे से लटकता मिला। दुकान का शटर काफी देर तक नहीं खुलने पर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लॉक कटवाकर शटर खुलवाया तो अंदर कारोबारी का शव लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दहिरपुर के रहने वाले 35 साल के रंजीत वर्मा पुत्र स्वर्गीय रामप्रकाश वर्मा दहिरपुर रोड के सामने प्रेम ट्रेडर्स नाम से इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाते थे। बताया जाता है कि वह अक्सर शाम को घर पर खाना खाने के बाद दुकान पर ही सोने के लिए रुक जाते थे। गुरुवार रात भी वह दुकान पर ही रुके थे। शुक्रवार सुबह काफी देर तक दुकान का शटर नहीं खुला तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद सुबह करीब नौ बजे अकबरपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुकान का शटर अंदर से बंद था। पुलिस ने लॉक कटवाकर शटर खुलवाया। अंदर जाने पर रंजीत का शव पंखे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। कारोबारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की 1 बेटी और 2 बेटे हैं। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। कारोबारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)