अन्नकूट भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया:शिरडी साईं सर्वदेव मंदिर में गोवर्धन पूजा के बाद आयोजन, नगर-कैंट विधायक ने किए दर्शन
बरेली के श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साईं सर्वदेव मंदिर में अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। गोवर्धन महाराज की पूजा के बाद भंडारा हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
महोत्सव में सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे। मंदिर में श्री खाटू श्याम, नीम करौली बाबा और श्री शिरडी साईं की आराधना की गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन महाराज का पूजन हुआ। भगवान को अन्नकूट का भोग लगाने के बाद भंडारा शुरू किया गया।
भंडारे में महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बुजुर्गों ने हिस्सा लिया। भजन-कीर्तन और बाबा के जयकारों से मंदिर परिसर दिनभर भक्तिमय रहा।
नगर विधायक डॉ. अरुण कुमार और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने मंदिर पहुंचकर श्याम बाबा के दर्शन किए। दोनों ने भंडारे में प्रसाद भी ग्रहण किया।
मंदिर के महंत पं. सुशील पाठक ने कहा कि अन्नकूट महोत्सव अन्न, प्रकृति और गौवंश के प्रति कृतज्ञता जताने का पर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सेवा, आपसी सहयोग और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि भंडारे में सभी श्रद्धालुओं को बिना भेदभाव प्रसाद देना सामाजिक समरसता का संदेश देता है।
कार्यक्रम में विमल भारद्वाज, डॉ. विनोद पागरानी, वरिष्ठ अधिवक्ता नरेंद्र मिश्रा, अनिल कुमार सक्सेना, राजकुमार शर्मा, दीपक पंडित, पुष्पेंदु शर्मा, मनीष अग्रवाल और गौरव सिंह अरमान समेत कई लोग मौजूद रहे।
महंत पं. सुशील पाठक ने जनप्रतिनिधियों, अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार जताया। उन्होंने सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)