मेरठ में रालोद के महानगर अध्यक्ष बने विवेक बाफर:जिला कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों ने किया स्वागत बोले- संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना लक्ष्य
मेरठ में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने विवेक बाफर को महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। मंगलवार को जिला कार्यालय पर उनके स्वागत और अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष विवेक बाफर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष और क्षेत्रीय अध्यक्ष का आभार जताया। उन्होंने कहा कि महानगर अध्यक्ष का दायित्व मिलने के बाद उनकी प्राथमिकता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। इसके लिए महानगर के एक-एक बूथ और घर तक पहुंचकर लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा और युवाओं को आगे बढ़ाने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। विवेक बाफर ने बताया कि एक दिसंबर को महानगर की नई कार्यकारिणी घोषित की जाएगी। इसके लिए जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज के साथ मिलकर विचार-विमर्श किया जाएगा। एक दिसंबर से 23 दिसंबर तक चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर उनके जीवन और योगदान पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा एक दिसंबर को ही बाईपास क्षेत्र में महानगर कार्यालय का उद्घाटन करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि कार्यालय खुलने से संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी। एनडीए की सभी 403 सीटों पर तैयारी की बात कही विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विवेक बाफर ने कहा कि रालोद केवल मेरठ की महानगर सीट तक सीमित नहीं है, बल्कि एनडीए के साथ सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। टिकट का फैसला पार्टी के संसदीय बोर्ड और शीर्ष नेतृत्व को करना है। उन्होंने कहा कि योग्य और शिक्षित लोगों को चुनाव में दावेदारी करने का पूरा अधिकार है। संगठन अभी जनता के बीच जाकर किसानों, मजदूरों, युवाओं और पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों को उठाने पर ध्यान दे रहा है। कार्यक्रम में सांसद राजकुमार सांगवान, विधायक गुलाम मोहम्मद, जिला अध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज, अभिमन्यू ललसाना, दीपक तोमर, ब्रह्मपाल सिंह तोमर, विनय मल्लापुर, रणबीर दहिया, आतिर रिजवी, अक्षत त्यागी, मतलूब गौड़ और नरेंद्र खजूरी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)