औधोगिक इलाकों में सड़कें होगी गड्ढा-मुक्त, बनेंगी पार्क:DM बोले- कानपुर में टैक्स का 60% पैसा विकास पर खर्च किया जाएगा
शहर के औद्योगिक क्षेत्रों की बदहाल बुनियादी सुविधाओं को सुधारने के लिए प्रशासन ने नई कार्ययोजना तैयार करने की पहल की है। अब नगर निगम जिन औद्योगिक क्षेत्रों से टैक्स वसूलता है, वहां वसूली गई कुल धनराशि का 60 प्रतिशत हिस्सा उन्हीं क्षेत्रों के विकास पर खर्च करने की योजना बनाई जाएगी। इससे औद्योगिक क्षेत्रों में धूलमुक्त सड़कें, बेहतर जलनिकासी, पार्क और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक हुई। इसमें डीएम ने संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्रों की मैपिंग कराने और वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का आकलन करने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों की होगी मैपिंग, जरूरत के हिसाब से होंगे काम डीएम ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में व्यवस्थित विकास के लिए पहले उनकी मैपिंग कराई जाए। इसके बाद सड़क, जलनिकासी, हरियाली और अन्य नागरिक सुविधाओं की जरूरत का आकलन किया जाए। नगर निगम से मिलने वाले टैक्स की 60 प्रतिशत धनराशि संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों पर खर्च करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी सुविधाओं से उद्यमियों को सहूलियत मिलेगी और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। दीपावली से पहले सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश बैठक में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने दीपावली से पहले सभी पैचवर्क पूरे कराने और निर्माणाधीन सड़कों के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय से गुणवत्तापूर्ण काम कराने को कहा। इस दौरान उद्यमियों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की सराहना भी की। 40 चौराहों पर बदलेगी यातायात व्यवस्था व्यापार बंधु की बैठक में डीएम ने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए चलाए जा रहे प्रोजेक्ट गिफ्ट (Guiding Infrastructure For Traffic) की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत शहर के 40 प्रमुख चौराहों को व्यवस्थित किया जाएगा। इन चौराहों पर जरूरत के अनुसार लेफ्ट फ्री व्यवस्था, यू-टर्न, दिशा-सूचक बोर्ड, रोड साइनेज और रोड मार्किंग कराई जाएगी। इससे वाहन चालकों को चौराहे से पहले ही सही रास्ते की जानकारी मिल सकेगी और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने की अपील डीएम ने व्यापारी संगठनों से यातायात व्यवस्था सुधारने में सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी अपने सदस्यों को दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने के लिए जागरूक करें। सड़क और फुटपाथ खाली रहने से आवागमन आसान होगा। झकरकटी से बसें शिफ्ट करने और पुल पर पार्किंग रोकने की मांग बैठक में भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याएं उठाईं। उन्होंने झकरकटी बस अड्डे से कुछ जनपदों के लिए संचालित बसों को विकास नगर बस अड्डे पर स्थानांतरित करने और झकरकटी पुल पर बसों की पार्किंग प्रतिबंधित करने की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अग्निकांड पीड़ित व्यापारियों को स्थायी बिजली कनेक्शन का इंतजार व्यापारियों ने 30 और 31 मार्च 2023 को कोपरगंज में हुए अग्निकांड से प्रभावित कारोबारियों की समस्याएं भी उठाईं। उन्होंने बताया कि न्यू हमराज बिजनेस सेंटर में प्रतिष्ठान स्थापित करने के बावजूद व्यापारियों को अब तक स्थायी बिजली कनेक्शन और मीटर की सुविधा नहीं मिल पाई है। अस्थायी बिजली व्यवस्था महंगी पड़ रही है। व्यापारियों ने स्थायी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर डीएम ने केस्को और संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जिन मामलों में कई विभाग शामिल हैं, उनका समाधान आपसी समन्वय से कराया जाए। ये अधिकारी और व्यापारी रहे मौजूद बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, लोक निर्माण विभाग और केस्को के अधिकारी, उद्यमी उमंग अग्रवाल, विनोद गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता 'कुक्कू', जिला महामंत्री राजकुमार भगतानी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रतन सिंह सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)