बांदा में किशोरी से रेप का आरोपी गिरफ्तार:मां की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट में केस, चुप रहने के लिए धमकी दी
बांदा जनपद के बिसंडा थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले 60 वर्षीय व्यक्ति ने घर में अकेला पाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद किशोरी ने घर पहुंचकर मां को आपबीती बताई। पुलिस ने मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ गुरुवार देर रात दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।वही पुलिस ने शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस के अनुसार, गांव निवासी किशोरी गुरुवार सुबह करीब पांच बजे किसी काम से पड़ोस में रहने वाले कैरू जाटव के घर गई थी। आरोप है कि वहां अकेला पाकर कैरू ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसे धमकाते हुए चुप रहने को कहा। घटना के बाद किशोरी रोते हुए अपने घर पहुंची और मां को पूरी बात बताई। पड़ोस का मामला होने के चलते परिजनों ने पहले आरोपी के घर जाकर उलाहना दिया। इसके बाद गुरुवार देर शाम किशोरी की मां उसे लेकर बिसंडा थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गांव में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। शुक्रवार को किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। बिसंडा थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश ने बताया कि किशोरी का पड़ोसी के घर आना-जाना था। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। किशोरी के न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे। मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)