हिंदू मॉडल इंटर कॉलेज में मतदाता साक्षरता क्लब बना:18 साल पूरे कर चुके विद्यार्थियों का वोटर लिस्ट में पंजीकरण कराया जाएगा
मुरादाबाद के हिंदू मॉडल इंटर कॉलेज में शुक्रवार को विद्यालय स्तरीय मतदाता साक्षरता क्लब बनाया गया। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान शुरू हुआ। छात्र-छात्राओं ने पोस्टर बनाकर लोगों को मतदान के महत्व और मताधिकार के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया। क्लब में सुरेंद्र सिंह को अध्यक्ष, जगदीश चंद्र को उपाध्यक्ष, डॉ. विजेंद्र सिंह को संयोजक, अभिषेक गुप्ता को सह-संयोजक और कुशाग्र राज को सदस्य बनाया गया। विद्यार्थियों ने पोस्टरों के जरिए संदेश दिया कि मतदान अधिकार के साथ लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी है। सभी नागरिकों को बिना डर, दबाव या लालच के वोट देना चाहिए। प्रधानाचार्य नन्हे सिंह ने कहा कि क्लब से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी। इससे उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित होगी। क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल में समय-समय पर पोस्टर प्रतियोगिता और मतदाता जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि स्कूल में पढ़ने वाले 18 साल या उससे अधिक उम्र के पात्र छात्र-छात्राओं का मतदाता पंजीकरण कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए उनके ऑनलाइन आवेदन भरने में भी मदद की जाएगी। स्कूल के मीडिया प्रभारी विशाल वर्मा ने युवाओं से 18 साल की उम्र पूरी होते ही मतदाता पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र को मजबूत बना सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)