बांदा में सायरन बजते ही अस्पताल की लाइट बंद:स्वयंसेवकों ने किया रेस्क्यू, मॉकड्रिल हुई

Nov 22, 2026 - 20:07
0
बांदा में सायरन बजते ही अस्पताल की लाइट बंद:स्वयंसेवकों ने किया रेस्क्यू, मॉकड्रिल हुई
बांदा में रविवार शाम 6 बजे सिविल डिफेंस ने एयर रेड और ब्लैकआउट मॉकड्रिल की। मंडलीय जिला चिकित्सालय परिसर स्थित 300 बेड वाले सैया अस्पताल में हुए अभ्यास में करीब 300 स्वयंसेवक और सैकड़ों लोग शामिल हुए। जिलाधिकारी अमित आसेरी की मौजूदगी में पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली और अग्निशमन विभाग के साथ एनसीसी समेत कई विभागों के लोगों ने हिस्सा लिया। अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी देने से लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। सायरन बजते ही बंद की गई बिजली, लोगों ने ली सुरक्षित जगहों पर शरण शाम 6 बजे हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। इसके साथ ही अस्पताल परिसर और निर्धारित इलाकों की बिजली बंद कर ब्लैकआउट किया गया। मरीजों, तीमारदारों, कर्मचारियों और अन्य लोगों ने सुरक्षित जगहों पर शरण ली। खतरा टलने पर दो मिनट तक ऑल क्लियर सायरन बजाया गया। इसके बाद राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास शुरू हुआ। फायर एक्सटिंग्यूशर और फायर टेंडर से बुझाई आग नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने फायर एक्सटिंग्यूशर की मदद से छोटी आग बुझाने का अभ्यास किया। वहीं, अग्निशमन विभाग की टीम ने फायर टेंडर से बड़ी आग पर काबू पाने का प्रदर्शन किया। टीमों ने ध्वस्त भवन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और गंभीर रूप से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया। पुलिस से लेकर नगर पालिका तक ने संभाली जिम्मेदारी मॉकड्रिल में पुलिस ने शांति व्यवस्था, यातायात और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस, चिकित्सा शिविर और 108 सेवा को अलर्ट पर रखा। बिजली विभाग ने ब्लैकआउट करने और बिजली बहाल करने का अभ्यास किया। नगर पालिका ने पेयजल, सफाई और जनजागरूकता से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाईं। परिवहन विभाग ने आश्रय स्थलों तक वाहन उपलब्ध कराने का अभ्यास किया। होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, पीआरडी, युवा कल्याण और आपदा मित्रों ने भी सहयोग किया। डीएम समेत कई अधिकारी रहे मौजूद इस दौरान जिलाधिकारी अमित आसेरी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुमार धर्मेंद्र और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मॉकड्रिल का उद्देश्य हवाई हमले या किसी अन्य आपातकालीन स्थिति में आम नागरिकों की सुरक्षा, विभागों के बीच समन्वय और त्वरित राहत एवं बचाव की तैयारियों को परखना था। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि सायरन बजने पर घबराएं नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User