बारिश के बीच बिजली के पोल में लगी आग:गोरखपुर में मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने 20 मिनट में पाया काबू
गोरखपुर के विजय चौक स्थित सिनेमा रोड पर शुक्रवार को बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। यहां सड़क किनारे लगे एक बिजली के पोल के बॉक्स में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बॉक्स धू-धू कर जलने लगा। पोल से उठती लंबी-लंबी लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड बुलाई
बिजली के पोल से आग की तेज लपटें निकलते देख आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। खतरा बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने समझदारी दिखाई और तुरंत इसकी जानकारी फायर स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद पानी की बौछारें डालकर आग पर पूरी तरह काबू पाया। शॉर्ट सर्किट की आशंका, कोई हताहत नहीं
गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति झुलसा नहीं और न ही किसी तरह की जनहानि हुई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास की दुकानों तक लपटें नहीं पहुंच सकीं, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण बारिश के पानी की वजह से हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम हादसे की असली वजह का पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए बिजली सप्लाई बाधित रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)