बागपत में PET के चार केंद्रों का निरीक्षण:अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ ने सुरक्षा जांची, पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश
बागपत। जनपद में आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों ने लगातार निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी परखी। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बागपत एवं क्षेत्राधिकारी नगर बागपत ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने यमुना इंटर कॉलेज कस्बा बागपत, चौधरी चरण सिंह वैदिक इंटर कॉलेज फैजपुर निनाना, डीएवी इंटर कॉलेज कस्बा टटीरी और इंटरमीडिएट कॉलेज सरूरपुर खेड़की पहुंचकर सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों की तैनाती और व्यवस्थाओं को चेक किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार, आसपास के क्षेत्र और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें। परीक्षा केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दें और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में PET परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात है। प्रशासन और पुलिस की निगरानी में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)