बारिश की फुहार से भी कम नहीं हुआ प्रदूषण:मेरठ में स्मॉग के कारण आंखों में जलन और गले में जकड़न के मरीज बढ़े
मेरठ शहर में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। जहरीली हवा और स्मॉग के कारण सांस संबंधी परेशानियां बढ़ रही हैं। लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और जकड़न के साथ सांस लेने में तकलीफ हो रही है। अस्थमा और सांस के पुराने मरीजों की परेशानी भी बढ़ गई है। जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों की ओपीडी में ऐसे मरीज पहुंच रहे हैं। सोमवार सुबह शहर के कई इलाकों में स्मॉग की घनी चादर छाई रही। बीती रात में हुई हल्की बारिश भी प्रदूषण से राहत नहीं दिला सकी। हवा की रफ्तार कम होने के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा रहे। नमी बढ़ने से धुंध और प्रदूषण मिलकर स्मॉग की स्थिति बनाते रहे। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को मेरठ का औसत एक्यूआई 217 दर्ज किया गया। निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर अलग-अलग रहा। गंगानगर में एक्यूआई 237, जयभीम नगर में 141, एमआईटी कॉलेज में 239, पल्लवपुरम में 183 और सेक्टर-4सी शताब्दीनगर में 246 दर्ज किया गया। शताब्दीनगर और एमआईटी क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक रहा। फेफड़ों तक पहुंच रहे बारीक कण छाती रोग विशेषज्ञ डॉ विरोत्तम ताेमर का कहना है कि अस्थमा और सांस के पुराने रोगियों को इस मौसम में विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर जाते समय कपड़े के सामान्य मास्क के बजाय एन-95 मास्क का इस्तेमाल करें। प्रदूषण का स्तर कम होने तक सुबह की सैर और खुले में व्यायाम करने से बचें। चिकित्सकों के अनुसार, हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के बारीक कण सांस के जरिये फेफड़ों तक पहुंच रहे हैं। इससे सांस की नली में जलन, एलर्जी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। पहले से अस्थमा और श्वास संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को अधिक दिक्कत हो रही है। बच्चों और बुजुर्गों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)