बेटे ने की पिता की हत्या, हुई उम्रकैद:मकान बेचने को लेकर था विवाद, आगरा कोर्ट ने सुनाई सजा

Nov 21, 2026 - 00:18
0
बेटे ने की पिता की हत्या, हुई उम्रकैद:मकान बेचने को लेकर था विवाद, आगरा कोर्ट ने सुनाई सजा
मकान बेचने का दबाव बनाने और पिता के इनकार करने पर उनकी हत्या करने के मामले में कोर्ट ने आरोपी बेटे को उम्रकैद की सजा सुनाई है। एडीजे-26 अमरजीत ने सौरव उर्फ गौरव को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास और 50 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। मामला 31 मार्च 2022 का है। ताजगंज थाना क्षेत्र के आनंदीपुरम, कहरई निवासी मुकेश बाबू की हत्या कर दी गई थी। मुकदमे के अनुसार, घटना की सुबह करीब 6 बजे मृतक के छोटे बेटे सौरव ने अपनी बहन प्रिया को फोन कर बताया कि उसने पिता की हत्या कर दी है। सूचना पर मृतक का बेटा अमित कुमार अपनी बहन के साथ घर पहुंचा तो बरामदे में मुकेश बाबू का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। इस दौरान सौरव और उसका भाई मोनू घर से गायब थे। अमित कुमार की तहरीर पर दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि, जांच में मोनू के घटना के समय करौली की पदयात्रा में होने के साक्ष्य मिलने पर उसका नाम मुकदमे से हटा दिया गया। पुलिस ने आरोपी सौरव को 1 अप्रैल 2022 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विवेचना में सामने आया कि आरोपी पिता पर मकान बेचने का दबाव बना रहा था। पिता के मना करने पर उसने डंडे और ईंट से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। मामले में सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता मोहित पाल ने वादी अमित कुमार, मृतक की बेटी प्रिया, बेटे मोनू समेत 8 गवाहों को अदालत में पेश किया। गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अभियोजन पक्ष की दलीलों के आधार पर एडीजे-26 अमरजीत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए उम्रकैद और 50 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User