भाजपा 22 नवंबर से चलाएगी मतदाता जोड़ो अभियान:तीन दिन घर-घर जाकर नए मतदाताओं के नाम जुड़वाएंगे कार्यकर्ता, दिसंबर में महिला और युवा मोर्चा भी संभालेंगे जिम्मेदारी
भाजपा लखनऊ महानगर ने आगामी विशेष मतदाता अभियान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में बुधवार को मतदाता जोड़ो अभियान की कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 22, 23 और 24 नवंबर को घर-घर जाकर नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने और मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों को शामिल कराने की रणनीति बनाई गई। कार्यशाला की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने की। बैठक में महानगर प्रभारी एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्रयंबक त्रिपाठी और विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा मौजूद रहे। बीएलए-2 को 10 फॉर्म भरवाने का लक्ष्य महानगर प्रभारी त्रयंबक त्रिपाठी ने कहा कि 22 से 24 नवंबर तक सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। पार्टी की ओर से नियुक्त बीएलए-2 को कम से कम 10 फॉर्म भरवाने का लक्ष्य दिया गया है। विधानसभा प्रभारी और विस्तारक अभियान की निगरानी करेंगे। इसमें उन युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनकी उम्र 18 साल पूरी हो चुकी है, लेकिन मतदाता सूची में नाम नहीं है। इसके अलावा शादी के बाद आई नई बहुओं, ग्राम सभा की मतदाता सूची में नाम होने के बावजूद विधानसभा की सूची में नाम नहीं रखने वाले नागरिकों और नौकरी या कारोबार के सिलसिले में बाहर रहने वाले पात्र लोगों के नाम भी जुड़वाए जाएंगे। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से फॉर्म भरवाए जाएंगे। महिला और युवा मोर्चा को भी मिली जिम्मेदारी अभियान के अगले चरण में 28, 29 और 30 नवंबर को महिला मोर्चा महिला मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए अभियान चलाएगा। इसके बाद 1, 2 और 3 दिसंबर को युवा मोर्चा की अगुवाई में युवा मतदाता जोड़ो अभियान होगा। इसमें उन युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 साल की उम्र पूरी कर लेंगे। पूरे अभियान की समीक्षा 13 दिसंबर को की जाएगी। 19 और 20 नवंबर को होंगी संगठन की बैठकें महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर इस जिम्मेदारी को पूरा करें। महिला और युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए मंडल और मोर्चा स्तर पर समन्वय बनाकर काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को सभी विधानसभा क्षेत्रों में और 20 नवंबर को महानगर के सभी शक्ति केंद्रों पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। विधानसभा प्रभारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी मीडिया प्रभारी अनुराग साहू के मुताबिक, विधानसभा स्तर पर पश्चिम की जिम्मेदारी संजय गुप्ता, उत्तर की सरोज सिंह, पूर्व की आरबी सिंह, मध्य की राहुल मिश्रा और कैंट की रामदेव पाल को दी गई है। वहीं विधानसभा विस्तारक के रूप में पश्चिम में कुलदीप मिश्रा, उत्तर में विनीत बाजपेयी, पूर्व में देवेश शुक्ला, मध्य में आयुष और कैंट में उमाशंकर बघेल अभियान का संचालन करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)