भाजपा में सीएम फेस नहीं, कमल का फूल ही चेहरा:जौनपुर में डिप्टी सीएम केशव बोले- 2027 में 2022 से बड़ी जीत दर्ज करेगी भाजपा
जौनपुर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- भाजपा 2027 में 2022 के मुकाबले बड़ी जीत दर्ज करेगी और लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। सपा की पीडीए की परिभाषा भी फर्जी और धोखा है। डिप्टी सीएम केशव ने कहा- केशव मौर्य ने कहा कि भाजपा चुनाव कमल के फूल के नाम पर लड़ती है। सीएम कौन होगा, इसका फैसला चुनाव के बाद होगा। निर्वाचित विधायकों की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में नेतृत्व तय किया जाएगा। फिलहाल योगी आदित्यनाथ सीएम हैं। योगी का समर्थन करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि 'हां, करते हैं।' डिप्टी सीएम मौर्य बुधवार दोपहर करीब 2 बजे को जौनपुर में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस लाइन के बहुउद्देश्यीय हॉल में पार्टी पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने 2027 के चुनाव, एनडीए गठबंधन, मुख्यमंत्री के चेहरे और विपक्षी दलों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा कोई प्राइवेट लिमिटेड कंपनी या परिवार की पार्टी नहीं है। यहां जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर से प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार होकर जाता है। इसके बाद पार्लियामेंट्री बोर्ड उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम फैसला करता है। टिकट किसी को भी मिले, कार्यकर्ताओं का लक्ष्य कमल खिलाना है। एनडीए में कोई नाराजगी नहीं, बातचीत से तय होंगी सीटें ओम प्रकाश राजभर के संभावित सीट परिवर्तन और संजय निषाद की नाराजगी से जुड़े सवाल पर मौर्य ने कहा कि एनडीए में कोई विवाद नहीं है। गठबंधन पूरी तरह एकजुट है। सीटों का बंटवारा आपसी बातचीत और बैठकों के बाद तय होगा। जिस दल के हिस्से में जो सीट आएगी, उसके वरिष्ठ नेता वहां से प्रत्याशी उतारेंगे। अखिलेश के पास कोई मुद्दा नहीं, पीडीए को बताया फर्जी अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। वे छोटी-छोटी बातों को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सपा के पीडीए को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी की परिभाषाएं सुबह, दोपहर और शाम बदलती रहती हैं। उन्होंने पीडीए को फर्जी और धोखा बताते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए जनता को गुमराह किया जा रहा है। 2047 तक विपक्ष का भविष्य अंधकारमय होने का दावा सपा, कांग्रेस और बसपा को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इन दलों का राजनीतिक भविष्य 2047 तक अंधकारमय है। सपा और कांग्रेस के संभावित गठबंधन पर उन्होंने कहा कि दोनों दलों की खिचड़ी पके या न पके, इससे भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। 60 प्रतिशत वोट भाजपा के साथ होने का दावा मौर्य ने दावा किया कि 100 में से करीब 60 प्रतिशत वोट भाजपा के साथ हैं। बाकी 40 प्रतिशत वोट विभिन्न दलों में बंटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस बंटवारे में भी भाजपा की हिस्सेदारी है। उनके मुताबिक, 2027 का चुनाव डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों के आधार पर लड़ा जाएगा। 'राधे-राधे कमल खिला दे' के नारे पर जताया विश्वास प्रदेश में 'राधे-राधे कमल खिला दे' के उद्घोष पर मौर्य ने कहा- उन्हें विश्वास है कि न्यायिक प्रक्रिया या आपसी समझौते के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भी भव्य मंदिर का निर्माण होगा। अखिलेश यादव की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश को शायद आने और जाने के समय क्या कहा जाता है, इसकी समझ नहीं है। जाते समय राधे-राधे कहा जाता है। भ्रष्टाचार के आरोपों पर संजय सिंह को घेरा आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की ओर से हर घर योजना में घोटाले के आरोपों पर मौर्य ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने वालों को पहले अपने दल का रिकॉर्ड देखना चाहिए। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार के मामले में जेल जा चुके हैं। विकसित जौनपुर का लक्ष्य, कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने के निर्देश डिप्टी सीएम ने कहा कि विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित जौनपुर के लक्ष्य को पूरा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन आगामी चुनाव को लेकर सक्रिय है और कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)